राम वनगमन के मंचन ने दर्शकों को किया भावुक
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ लाल किला मैदान में राम बारात की भव्य शोभायात्रा निकली, 15 अक्टूबर को मनोज तिवारी निभाएंगे केवट की भूमिका
लाल किला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला में बुधवार को श्रीराम के राज्याभिषेक की घोषणा, मंथरा-कैकेयी संवाद, कैकेयी-दशरथ संवाद, श्रीराम वनगमन और निषादराज से भेंट के प्रसंगों का मंचन किया गया। वनगमन के दौरान श्रीराम के त्याग और निषादराज के साथ उनकी आत्मीयता के दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने निषादराज की भूमिका निभाई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
लीला के दौरान श्रीराम की भव्य बारात की शोभायात्रा भी निकाली गई। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, शहनाई, नफीरी, शंख, घड़ियाल और डमरू की गूंज के बीच रामभक्त नृत्य करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि रामलीला के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग मंचन देखने पहुंच रहे हैं। बुधवार को भी प्रशासनिक अधिकारियों सहित केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने लीला का अवलोकन किया।
उन्होंने बताया कि दर्शकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। दिल्ली पुलिस, सिविल डिफेंस और कमेटी के स्वयंसेवकों के साथ मैदान के चारों ओर बाउंसर भी तैनात किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल ने बताया कि 15 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रामलीला देखने पहुंचेंगे। गुरुवार की लीला का प्रमुख आकर्षण केवट प्रसंग होगा, जिसमें प्रसिद्ध गायक, अभिनेता एवं सांसद मनोज तिवारी केवट की भूमिका निभाएंगे। श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराने के इस भावपूर्ण प्रसंग को देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता है।