
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी करेंगे उद्घाटन
जयपुर | दिव्यराष्ट्र। देश के कैटरिंग उद्योग की शीर्ष राष्ट्रीय संस्था फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया कैटरर्स (एफएआईसी) ने 6वें एफएआईसी राष्ट्रीय अधिवेशन एवं प्रदर्शनी केटरकॉन इंडिया 2026 के आयोजन की घोषणा की है। यह तीन दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन 1 से 3 अगस्त, 2026 तक जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईईसी), जयपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष के माननीय वासुदेव देवनानी द्वारा किया जायेगा।
देशभर से हजारों कैटरिंग एवं हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल्स, उद्यमी, सप्लायर्स, निर्माता, सेवा प्रदाता और उद्योग विशेषज्ञ इस राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेंगे। यह आयोजन ज्ञान-विनिमय, नेटवर्किंग, व्यापारिक सहयोग, नई तकनीकों तथा उद्योग के भविष्य पर सार्थक विमर्श के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
सतीश पूनिया, सांसद राज्यसभा द्वारा कार्यक्रम में पुरस्कारों के अंतर्गत भाग लेने वाले 18 राज्यों में से प्रत्येक राज्य की 16 विशिष्ट श्रेणियों में शीर्ष तीन कैटरर्स को सम्मानित किया जाएगा। यह भारतीय कैटरिंग उद्योग के इतिहास में राज्यवार सम्मान का अब तक का सबसे व्यापक और प्रतिष्ठित प्रयास होगा। इन पुरस्कारों का उद्देश्य नवाचार, गुणवत्ता, पेशेवर उत्कृष्टता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना है, जिससे पूरे देश के कैटरर्स उद्योग के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित हों।
26 सितंबर, 2013 को मुंबई में स्थापित फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया कैटरर्स आज देश की सबसे प्रभावशाली उद्योग संस्थाओं में शामिल है। संगठन के 18 राज्यों में 5,000 से अधिक सक्रिय सदस्य हैं। अपने मूल मंत्र “फॉर द केटर्स, बाय द केटर्स” के अनुरूप एफएआईसी लगातार कैटरिंग उद्योग को संगठित करने, पेशेवर उत्कृष्टता को बढ़ावा देने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा भारतीय कैटरिंग एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग के मानकों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है।
एफएआईसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र सोमानी ने कहा, “6वां एफएआईसी राष्ट्रीय अधिवेशन एवं प्रदर्शनी 2026 हमारे संगठन की विकास यात्रा का एक और ऐतिहासिक पड़ाव है। इस वर्ष हमें विशेष गर्व है कि हम एफएआईसी अवॉर्ड्स 2026 की शुरुआत कर रहे हैं, जो भारतीय कैटरिंग उद्योग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पेशेवरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करेगा।
एफएआईसी राष्ट्रीय अधिवेशन आज भारतीय कैटरिंग जगत का सबसे बहुप्रतीक्षित आयोजन बन चुका है। यह ऐसा मंच है जहां उद्यमी, प्रोफेशनल्स और व्यापारिक साझेदार अपने अनुभव साझा करते हैं, नए अवसर तलाशते हैं, विशेषज्ञों से सीखते हैं और मिलकर उद्योग के भविष्य की दिशा तय करते हैं। हम देशभर से आने वाले सभी प्रतिनिधियों, प्रदर्शकों और सहयोगियों का जयपुर में हार्दिक स्वागत करते हैं। हमें विश्वास है कि यह अब तक का हमारा सबसे बड़ा और प्रभावशाली सम्मेलन सिद्ध होगा।”
एफएआईसी के मानद वरिष्ठ महासचिव किरीट बुधदेव ने कहा, “अहमदाबाद (2014), मुंबई (2016), जयपुर (2018), गांधीनगर (2022) और हैदराबाद (2024) में आयोजित सफल राष्ट्रीय अधिवेशनों के बाद यह छठा संस्करण भारतीय कैटरिंग उद्योग की निरंतर प्रगति और एकजुटता का प्रतीक है। तीन दिनों तक प्रतिनिधियों को विशेषज्ञों द्वारा सेमिनार, तकनीकी कार्यशालाएं, बिजनेस नेटवर्किंग सत्र, पैनल डिस्कशन, उत्पाद प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सीखने तथा व्यवसाय विस्तार के अनेक अवसर प्राप्त होंगे।”
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण विश्वप्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर एवं बिजनेस कोच डॉ. विवेक बिंद्रा का विशेष प्रेरक संबोधन होगा। वे उद्यमिता, नेतृत्व क्षमता और व्यवसायिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
इसके अतिरिक्त भारत के अग्रणी फूड सेफ्टी ऑडिटर, ट्रेनर एवं कंसल्टेंट डॉ. वी. पसुपति भी तकनीकी सत्रों को संबोधित करेंगे। वे एफएसएसएआई नियमों, आईएसओ 22000, एचएसीसी पी , जीएमपी एवं जी एचपी जैसे विषयों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे, जिससे प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा, गुणवत्ता प्रबंधन और वैश्विक मानकों की बेहतर समझ प्राप्त होगी।
एफएआईसी के उपाध्यक्ष सुनील सोनखिया, जो जयपुर कैटरिंग एसोसिएशन की टीम के साथ इस आयोजन का नेतृत्व कर रहे हैं, ने कहा “जयपुर में एफएआईसी राष्ट्रीय अधिवेशन की मेजबानी करना हमारे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है। आयोजन समिति और स्वयंसेवक पिछले कई महीनों से इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि राजस्थान की प्रसिद्ध मेहमाननवाजी, व्यावसायिक उत्कृष्टता और सांस्कृतिक गरिमा का अनुभव देशभर से आने वाले प्रत्येक प्रतिनिधि और प्रदर्शक को मिले तथा यह सम्मेलन सभी के लिए यादगार साबित हो।”
सम्मेलन में 3,000 से अधिक पंजीकृत प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। इनमें आउटडोर एवं इंडोर कैटरर्स, हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल्स, बैंक्वेट संचालक, होटल व्यवसायी, रेस्टोरेंट एवं कैफे संचालक, बेकरी विशेषज्ञ, डेयरी उद्यमी, खाद्य निर्माता तथा विभिन्न सहयोगी सेवा क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सम्मेलन के साथ आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में 500 से अधिक प्रदर्शक नवीनतम कमर्शियल किचन उपकरण, खाद्य उत्पाद, पेय पदार्थ, सामग्री, पैकेजिंग समाधान, सॉफ्टवेयर, लॉजिस्टिक्स, हॉस्पिटैलिटी सेवाएं तथा कैटरिंग उद्योग के लिए अत्याधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक समाधान प्रदर्शित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, तीन दिवसीय प्रदर्शनी में 25,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है, जिससे यह भारत के कैटरिंग एवं फूड सर्विस उद्योग की सबसे बड़ी समर्पित प्रदर्शनी में शामिल होगी।
ज्ञानवर्धक सत्रों और व्यापारिक बैठकों के अलावा प्रतिभागियों को नेटवर्किंग कार्यक्रम, सांस्कृतिक संध्याएं, मनोरंजन कार्यक्रम, उत्पाद लॉन्च, लाइव कुकिंग एवं पाक-कला प्रदर्शन तथा निर्माताओं, सप्लायर्स और उद्यमियों के साथ रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने के अनेक अवसर भी प्राप्त होंगे।
पिछले वर्षों में एफएआईसी राष्ट्रीय अधिवेशन केवल एक द्विवार्षिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह भारतीय कैटरिंग उद्योग को मजबूत बनाने वाला एक राष्ट्रीय अभियान बन चुका है, जिसका उद्देश्य सहयोग, ज्ञान-साझाकरण, नवाचार, गुणवत्ता मानकों और सतत व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देना है।
एफएआईसी अवॉर्ड्स 2026 की शुरुआत, विस्तृत प्रदर्शनी, प्रतिष्ठित वक्ताओं की सहभागिता और देशभर से रिकॉर्ड भागीदारी के साथ 6वां एफएआईसी राष्ट्रीय अधिवेशन एवं प्रदर्शनी 2026 भारतीय कैटरिंग उद्योग में नए मानक स्थापित करने के लिए तैयार है। यह आयोजन भारतीय कैटरिंग समुदाय को सशक्त बनाने के एफएआईसी के संकल्प को और मजबूत करेगा।
राष्ट्रीय अधिवेशनों, प्रदर्शनियों, सेमिनारों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विभिन्न सहयोगात्मक पहलों के माध्यम से एफएआईसी भारतीय कैटरिंग उद्योग को नई दिशा प्रदान करने के अपने उद्देश्य पर निरंतर कार्य कर रहा है।
“कैटरर्स के लिए, कैटरर्स द्वारा”
“साथ चलें, साथ बढ़ें।”






