
भारतीय पीसी और कंसोल गेम को पहचान दिलाएंगे सुपरस्टार महेश बाबू
मुंबई, दिव्यराष्ट्र: भारतीय सिनेमा की कहानी कहने की शानदार परंपरा और नई पीढ़ी की इंटरैक्टिव तकनीक को एक साथ लाने वाली महत्वपूर्ण साझेदारी के तहत, भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार महेश बाबू आधिकारिक रूप से मुंबई स्थित गेम डेवलपमेंट स्टूडियो शॉर्टगन गेम्स से रणनीतिक निवेशक के रूप में जुड़ गए हैं। इस साझेदारी के तहत महेश बाबू और कंपनी के संस्थापक जीत चंदन एवं विधित मेहता मिलकर एक मजबूत रचनात्मक गठबंधन तैयार कर रहे हैं। इसका उद्देश्य ऐसे मौलिक और बड़े स्तर के गेम ब्रांड विकसित करना है, जिन्हें विशेष रूप से पीसी और आधुनिक गेमिंग कंसोल प्लेटफॉर्म, जिनमें प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरीज X|S शामिल हैं, के लिए तैयार किया जाएगा। इस संयुक्त पहल का मुख्य आकर्षण कंपनी का प्रमुख गेम प्रोजेक्ट ‘प्रोजेक़्ट टेकडाउन’ है। यह बड़े बजट का एक्शन-एडवेंचर और कहानी पर आधारित गेम है, जिसे उत्तरी अमेरिका, यूरोप, यूनाइटेड किंगडम और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है।
भारत में डिजिटल मनोरंजन का क्षेत्र अब तक मुख्य रूप से मोबाइल प्लेटफॉर्म पर केंद्रित रहा है। हालांकि, कंपनी के सह-संस्थापक जीत चंदन और विधित मेहता ने शुरुआत से ही पीसी और कंसोल गेमिंग के क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने की रणनीति अपनाई है। उनका उद्देश्य यह साबित करना है कि भारत का कोई गेम डेवलपमेंट स्टूडियो भी बेहतरीन ग्राफिक्स वाली आभासी दुनिया, शानदार गेमप्ले और सिनेमाई अनुभव तैयार कर सकता है, जो दुनियाभर के गेम खेलने के शौकीनों की उच्च अपेक्षाओं पर खरे उतरें। जीत चंदन और विधित मेहता की दूरदर्शी सोच, तकनीकी महत्वाकांक्षा और रचनात्मक दृष्टिकोण को देखते हुए सुपरस्टार महेश बाबू ने शॉर्टगन गेम्स के साथ साझेदारी करने का फैसला किया।
महेश बाबू, सुपरस्टार ने कहा,“इंटरैक्टिव मनोरंजन वह क्षेत्र है, जहां कहानी की गहराई, अत्याधुनिक तकनीक और वैश्विक संस्कृति का संगम होता है। भारत में रचनात्मक प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और अब समय आ गया है कि हम यहीं से ऐसे मौलिक किरदार और सिनेमा दुनिया तैयार करें, जिन्हें दुनियाभर के लोग पसंद करें। मुझे इस कंपनी की ओर सबसे ज्यादा आकर्षित करने वाली बात जीत चंदन और विधित मेहता की स्पष्ट सोच और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले पीसी और कंसोल गेम्स बनाने का उनका जुनून है। इतनी स्पष्ट तकनीकी योजना के साथ काम कर रहे युवा और दूरदर्शी रचनाकारों का समर्थन करना बेहद प्रेरणादायक है। मैं ‘प्रोजेक़्ट टेकडाउन’ के माध्यम से हमारी इस साझा सोच को आगे बढ़ाने में सहयोग करने के लिए उत्साहित हूं।”
विधित मेहता, सह-संस्थापक – निदेशक,शॉर्टगन गेम्स ने कहा,“हमने शॉर्टगन गेम्स की शुरुआत एक खास उद्देश्य के साथ की थी। हम यह साबित करना चाहते थे कि भारत पीसी और आधुनिक कंसोल के लिए विश्वस्तरीय इंटरैक्टिव मनोरंजन तैयार कर सकता है। महेश बाबू सर का जीत और मेरे साथ रणनीतिक निवेशक के रूप में जुड़ना हमारे लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। बड़े स्तर पर कहानी कहने, दर्शकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाने और व्यापक लोकप्रियता हासिल करने की उनकी सहज समझ हमारी पूरी सोच को नई ऊंचाई देती है। अब हम ‘प्रोजेक़्ट टेकडाउन’ को साकार करने की दिशा में और मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं।”





