
बेंगलुरु, दिव्यराष्ट्र*: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की सहयोगी कंपनी स्ट्रैंड लाइफ साइंसेज ने अत्याधुनिक “ओलिंक एक्सप्लोर एचटी” आधारित प्रोटिओमिक्स सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह पहल भारत और दक्षिण एशिया में बड़े स्तर पर बहु-आयामी जैविक अनुसंधान को नई दिशा देगी।
प्रोटिओमिक्स के माध्यम से शरीर में मौजूद हजारों प्रोटीन का अध्ययन किया जाता है, जिससे बीमारियों की पहचान, उपचार चयन और नई दवाओं के विकास में सहायता मिलती है। यह तकनीक बेहद कम रक्त नमूने से 5,400 से अधिक प्रोटीन संकेतकों का विश्लेषण करने में सक्षम है।
स्ट्रैंड ने हाल ही में दीर्घकालिक गुर्दा रोग से जुड़े एक जैव-औषधि अनुसंधान प्रकल्प को सफलतापूर्वक पूरा किया है। कंपनी अब जीन आधारित अनुसंधान, जैव-सूचना विज्ञान और चिकित्सकीय आंकड़ों को एकीकृत कर संपूर्ण बहु-आयामी अनुसंधान समाधान उपलब्ध कराएगी।
स्ट्रैंड लाइफ साइंसेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. रमेश हरिहरन ने कहा कि यह तकनीक भारत में अनुसंधान, औषधि विकास और सटीक चिकित्सा को नई गति प्रदान करेगी।




