नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र: संसद के विशेष सत्र से पहले लोकसभा सचिवालय ने सदन में सांसदों की बैठने की व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। जारी सर्कुलर के अनुसार डीएमके के सांसदों को नई सीटें आवंटित की गई हैं और अब वे इंडिया ब्लॉक के अन्य दलों के सांसदों से अलग बैठेंगे। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी, एनसीपी (शरद पवार गुट), शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और कांग्रेस के सहयोगी दलों के कुछ सांसदों की सीटों में भी बदलाव किया गया है।
लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी सर्कुलर में कुल 97 सांसदों के सीट नंबर पुनः आवंटित किए गए हैं। इसमें डीएमके की सांसद कनिमोझी करुणानिधि, टी.आर. बालू, ए. राजा, दयानिधि मारन समेत पार्टी के कई सांसदों को एक साथ नए ब्लॉक में सीटें दी गई हैं। माना जा रहा है कि यह बदलाव डीएमके की उस मांग के बाद किया गया है, जिसमें पार्टी ने लोकसभा में अपने सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने को कहा था। राजनीतिक स्तर पर डीएमके और कांग्रेस के रास्ते अलग होने के बाद पार्टी सदन में भी अपनी अलग पहचान चाहती थी। इसी के मद्देनजर लोकसभा सचिवालय ने सीटों के पुनर्गठन का फैसला किया।
नई व्यवस्था में डीएमके के सांसदों को एक समूह के रूप में नई पंक्तियों में स्थानांतरित किया गया है। कनिमोझी करुणानिधि को सीट संख्या 357, टी. आर. बालू को 355 और ए. राजा को 356 आवंटित की गई है। वहीं पार्टी के अन्य सांसदों को भी आसपास की सीटों पर स्थान दिया गया है। सीटों के इस पुनर्बंटवारे का असर केवल डीएमके तक सीमित नहीं है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख सांसदों, जिनमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, अफजाल अंसारी, धर्मेंद्र यादव और अन्य सदस्य शामिल हैं, की सीटें भी बदली गई हैं।
इसके अलावा एनसीपी (शरद पवार गुट) की सुप्रिया सुले, कांग्रेस समर्थित सहयोगी दलों के कुछ सांसदों और उद्धव ठाकरे खेमे के नेताओं को भी नई सीटें आवंटित की गई हैं। इससे विपक्षी सांसदों की मौजूदा बैठने की व्यवस्था में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिलेगा। लोकसभा में बैठने की व्यवस्था केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं होती, बल्कि यह राजनीतिक समीकरणों और दलों की रणनीतिक स्थिति को भी दर्शाती है। ऐसे में डीएमके सांसदों का इंडिया ब्लॉक के सांसदों से अलग बैठना संसद के आगामी विशेष सत्र के दौरान राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लोकसभा परिसीमन विधेयक पेश करेंगे अर्जुन राम मेघवाल
केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल संसद के विशेष सत्र के पहले दिन 30 नवंबर को लोकसभा में परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे। यह जानकारी सांसदों को भेजी गई लोकसभा की कार्यसूची (लिस्ट ऑफ बिजनेस) में दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और उससे जुड़े परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी गई थी। अर्जुन राम मेघवाल सोमवार को सदन में एक प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसमें लोकसभा के नियम 66 के एक प्रावधान को निलंबित करने की मांग की जाएगी। इससे उस स्थिति में भी संबंधित विधेयक पर विचार और उसे पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी, जब उसका आधार बनने वाला संविधान संशोधन विधेयक अभी लंबित हो।
लोकसभा का नियम 66 ऐसे प्रावधानों से जुड़ा है, जिनके तहत किसी दूसरे विधेयक पर निर्भर विधेयक को उस समय पेश किया जा सकता है जब मूल विधेयक सदन में विचाराधीन हो और उसके पारित होने की संभावना हो।
30 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी लोकसभा में केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 पेश करेंगे। यह विधेयक उन केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों को संविधान (132वां संशोधन) विधेयक के अनुरूप बनाने के लिए लाया जा रहा है, जहां निर्वाचित विधानसभा है। इनमें दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी शामिल हैं। यह विधेयक संविधान के अनुच्छेद 334ए में संशोधन का प्रस्ताव करता है, जो विधानमंडलों में महिलाओं के आरक्षण से संबंधित है। प्रस्तावित संशोधन के तहत लोकसभा में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आवंटित सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की जा सकेगी। राज्यों की विधानसभाओं की सीटों में भी 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। राज्य विधानसभाओं में कुल 650 अतिरिक्त सीटें जोड़ी जा सकती हैं।
सोमवार को पेश किए जाने वाले दोनों विधेयक उन पुराने विधेयकों को औपचारिक रूप से वापस लेने के बाद सदन में लाए जाएंगे, जिन्हें पहले लोकसभा से मंजूरी नहीं मिल पाई थी। नए परिसीमन विधेयक के साथ दिए गए उद्देश्य और कारणों के विवरण में कहा गया है कि सीटों में समान वृद्धि का मकसद जनप्रतिनिधित्व बढ़ाना है, जबकि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखा जाएगा। सरकार का कहना है कि प्रस्तावित कानून लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को भी आसान बनाएगा। परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 में कानून लागू होने के बाद एक परिसीमन आयोग गठित करने का प्रस्ताव है। यह आयोग देशभर में संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण करेगा और सीटों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेगा।