
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ फिल्म अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत और डॉ. जयंतीलाल गड़ा ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का ‘भारत भाग्य विधाता’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में शिरकत करने पर आभार प्रकट किया है।
कंगना रनौत स्टारर भारत भाग्य विधाता शुक्रवार को धमाकेदार रिस्पॉन्स के साथ रिलीज़ हो गई है। कंगना अपनी पूरी टीम के साथ देशभर का दौरा कर रही हैं, उन असली हीरोज़ को सम्मान देने के लिए जो मुश्किल वक्त में चुपचाप भारत को संभालकर रखते हैं।
भुवनेश्वर, रायपुर, दिल्ली और जोधपुर में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के बाद, कंगना और निर्माता डॉ. जयंतीलाल गड़ा जयपुर पहुँचे, जहाँ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के साथ फिल्म की खास स्क्रीनिंग रखी गई। इस मौके पर कंगना, डॉ. गड़ा और मुख्यमंत्री ने राज्य के कुछ असली हीरोज़ को उनके देश और समाज के प्रति समर्पण के लिए ‘बैज ऑफ ऑनर’ देकर सम्मानित किया। इस खास शाम में लोकसभा सांसद मंजू शर्मा भी मौजूद रहीं।
स्क्रीनिंग के दौरान कंगना ने कहा,
“भारत भाग्य विधाता की पूरी टीम की तरफ से मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का स्वागत करती हूँ। आज का दिन हमारे लिए बहुत खास है और अब मेरी फिल्म ही अपनी कहानी खुद कहेगी। इस देश में ऐसे कई अनसुने और अनदेखे हीरोज़ हैं, जो चुपचाप देश को चलाने में अपना योगदान देते हैं। आज हम जयपुर के ऐसे ही हीरोज़ को सम्मानित करेंगे।”
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा,
“भारत भाग्य विधाता उन अनदेखे हीरोज़ की कहानी है, जिनके दिल में सिर्फ देश के लिए प्यार है। मुझे खुशी है कि कंगना रनौत ने ऐसे लोगों पर फिल्म बनाई है, जो हर हाल में देश और समाज की सेवा करते हैं। हम सभी के लिए देश सबसे पहले आता है, और जिनके दिल में ये भावना है, वे हमेशा समाज की सेवा करते रहेंगे। कोविड-19 के दौरान जब हम सब घरों में थे, तब हमारे युवा और हेल्थकेयर वॉरियर्स बाहर लोगों की सेवा में लगे थे। यह फिल्म उसी भावना—संवेदनशीलता और करुणा—को दर्शाती है, जिससे बहुत कुछ सीखा जा सकता है।”
देशभर में चल रहे इस खास अभियान के तहत, फिल्म की टीम अलग-अलग शहरों में स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित कर रही है, जहाँ समाज के उन फ्रंटलाइन वर्कर्स को बुलाया जा रहा है जिन्हें अक्सर नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है। चाहे पुलिस हो, नर्स, वार्ड बॉय, अस्पताल के गार्ड, सफाईकर्मी, सिक्योरिटी स्टाफ या अन्य सहयोगी—इस पहल का मकसद है उनकी अथक सेवा को पहचान देना, जो अक्सर सुर्खियों में नहीं आ पाती।
इस मौके पर रमा अग्रवाल, सुरभि शर्मा, रीनू कुमारी, मीनू, उदयवीर, रोशन लाल सालोडिया, रुकैया आरा, रूपाली देवी, पूर्वा पारीक और सपना शर्मा को ‘भारत भाग्य विधाता’ बैज से सम्मानित किया गया।





