हवा महल और राज मंदिर सिनेमा आए सनी देओल
जयपुर में ‘बंटवारा 1947’ का जोरदार प्रमोशन, सनी देओल ने टीम संग किया हवा महल का दौर
इस साल की सबसे ज्यादा इंतजार की जा रही फिल्मों में शामिल बंटवारा 1947 का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस ने किया है और इसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। यह बहुचर्चित ऐतिहासिक ड्रामा 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
जयपुर,दिव्यराष्ट्र:/ आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म बंटवारा 1947 इस वक्त इंडियन सिनेमा की सबसे ज्यादा इंतजार की जा रही फिल्मों में से एक है। फिल्म के ऐलान के बाद से ही इसे लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म के दमदार पोस्टर्स और अब तक आए दो शानदार टीजर इसकी इमोशनल कहानी की झलक दिखा चुके हैं। भारत के बंटवारे जैसे दर्दनाक दौर पर बनी यह फिल्म प्यार, त्याग और हिम्मत की एक दिल छू लेने वाली कहानी लेकर आ रही है।
28 जुलाई को रिलीज हुए बंटवारा 1947 के दमदार ट्रेलर को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। ट्रेलर रिलीज के बाद अब फिल्म का प्रमोशन भी शुरू हो गया है। इसी सिलसिले में आज सनी देओल, करण देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी ने जयपुर के ऐतिहासिक रामबाग पैलेस से फिल्म के प्रमोशनल सफर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने हवा महल का दौरा किया और फिर राज मंदिर सिनेमा में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। माना जा रहा है कि प्रमोशन का यह दौर फिल्म को लेकर लोगों के बीच उत्साह को और बढ़ाएगा। रिलीज से पहले बंटवारा 1947 को लेकर माहौल लगातार गर्म होता नजर आ रहा है।
बंटवारा 1947 एक ऐसी इमोशनल कहानी लेकर आ रही है, जो भारत के बंटवारे के दर्द और उससे जुड़े इंसानी जज्बातों को करीब से दिखाएगी। फिल्म मुश्किल हालात में भी प्यार, हिम्मत, त्याग और कभी हार न मानने वाले जज्बे की कहानी कहेगी। फिल्म में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह जैसे दमदार कलाकार नजर आएंगे। खास बात यह है कि करीब 30 साल बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी फिर से साथ आ रही है।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी बंटवारा 1947 का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि इसके गाने जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। बंटवारा 1947 दुनियाभर के सिनेमाघरों में 14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी।



