
दिव्यराष्ट्र, जयपुर: राजधानी जयपुर की रिटेल और लाइफस्टाइल दुनिया में 11 अक्टूबर को एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। शहर के सबसे बड़े और आधुनिक शॉपिंग डेस्टिनेशंस में शामिल होने जा रहा पैसिफिक मॉल जयपुर अपने दरवाजे आम लोगों के लिए खोलने जा रहा है। अत्याधुनिक सुविधाओं, अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स, फैमिली एंटरटेनमेंट और राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान से प्रेरित यह प्रोजेक्ट शहर के लिए एक नए सोशल और लाइफस्टाइल हब के रूप में उभरने के लिए तैयार है।
पैसिफिक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक बंसल ने कहा, “जयपुर को सिर्फ एक और मॉल की जरूरत नहीं थी, बल्कि ऐसे डेस्टिनेशन की जरूरत थी जो यहां के लोगों की आकांक्षाओं और उनकी परिष्कृत पसंद के अनुरूप हो। पैसिफिक जयपुर के जरिए हमने दुनिया के बेहतरीन अनुभवों को जयपुर की गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ जोड़ने का प्रयास किया है।”
करीब 11 एकड़ में फैले इस मेगा डेवलपमेंट का कुल निर्मित क्षेत्र 30 लाख वर्गफुट है, जिसमें 18 लाख वर्गफुट रिटेल स्पेस शामिल है। सात रिटेल फ्लोर और दो होटल फ्लोर वाले इस प्रोजेक्ट में 450 से अधिक स्टोर्स की योजना बनाई गई है। खास बात यह है कि उद्घाटन से पहले ही इसके 90 प्रतिशत रिटेल स्पेस का लीज़ आउट हो चुका है, जो ब्रांड्स और कारोबार जगत के विश्वास को दर्शाता है।
‘द स्पिरिट ऑफ राजस्थान’ थीम पर विकसित पैसिफिक मॉल जयपुर को सिर्फ एक शॉपिंग सेंटर के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे अनुभव केंद्र के रूप में डिजाइन किया गया है, जहां राजस्थान की मेहमाननवाजी और सांस्कृतिक विरासत का संगम आधुनिक वैश्विक जीवनशैली से होता है। इसकी वास्तुकला और डिजाइन स्थानीय पहचान को सम्मान देते हैं, जबकि यहां मिलने वाले ब्रांड्स और सुविधाएं विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करेंगी।
पैसिफिक मॉल जयपुर के साथ शहर को फैशन, लाइफस्टाइल, ब्यूटी, ज्वेलरी, स्पोर्ट्स और होम डेकोर से जुड़े कई बड़े अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय ब्रांड्स एक ही छत के नीचे मिलेंगे। यहां यूनिक्लो, एच एंड एम, मार्क्स एंड स्पेंसर, मैंगो, नाइकी, एडिडास, एएसआईसीएस, न्यू बैलेंस, माइकल कोर्स, कोच, ह्यूगो बॉस, विक्टोरियाज़ सीक्रेट, आइकिया, शॉपर्स स्टॉप, पैंटालून्स, रिलायंस ट्रेंड्स, होम सेंटर, ब्लूस्टोन और नायका लक्स जैसे प्रमुख नाम मौजूद रहेंगे। उद्घाटन के दिन करीब 195 ब्रांड्स ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगे।
मनोरंजन के लिहाज से भी यह मॉल कई मायनों में खास होगा। यहां राजस्थान का पहला पीवीआर आईमैक्स शुरू होगा। इसके अलावा टाइमज़ोन, जस्ट जंपिन और स्केरी हाउस जैसी मनोरंजन सुविधाएं सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करेंगी। वहीं खाने-पीने के शौकीनों के लिए मैकडॉनल्ड्स, केएफसी, स्टारबक्स, पिज़्ज़ा हट, सागर रत्ना, अमृतसरी एक्सप्रेस, एनआईके बेकर्स और द सुशी कंपनी समेत 40 से अधिक फूड और कैफे आउटलेट्स उपलब्ध होंगे।



