
जयपुर, दिव्यराष्ट्र/ धारव हाई स्कूल के अजमेर रोड कैंपस में आयोजित मेगा यूनिवर्सिटी फेयर में देश-विदेश के 100 से अधिक प्रमुख विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षण संस्थान एक मंच पर पहुंचे। स्कूल के अजमेर रोड और विद्याधर नगर (वीडीएन) कैंपस की संयुक्त पहल से आयोजित इस कार्यक्रम में 14 प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों ने भी भाग लिया। इस दौरान छात्रों और उनके अभिभावकों को विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों और एडमिशन विशेषज्ञों से सीधे बातचीत करने का अवसर मिला। उन्होंने स्नातक पाठ्यक्रमों, एडमिशन प्रक्रिया, स्कॉलरशिप, उच्च शिक्षा और भविष्य के करियर विकल्पों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर धारव हाई स्कूल की चेयरपर्सन देवयानी जयपुरिया ने कहा कि, “धारव हाई स्कूल का उद्देश्य छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है। इसी सोच के साथ दोनों कैंपस के संयुक्त प्रयास से देश-विदेश के 100 से अधिक प्रमुख शिक्षण संस्थानों को एक मंच पर लाया गया। हमारा प्रयास है कि छात्रों और अभिभावकों को उच्च शिक्षा, एडमिशन और करियर से जुड़ी सही जानकारी सीधे विशेषज्ञों से मिले, ताकि वे अपने भविष्य के लिए बेहतर और सोच-समझकर निर्णय ले सकें।”
यूनिवर्सिटी फेयर में भारत और विदेश के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों ने हिस्सा लिया। अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में जापान की यूनिवर्सिटी ऑफ टोक्यो, यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग, यूनाइटेड किंगडम की यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम, अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कनेक्टिकट, नीदरलैंड्स की यूनिवर्सिटी ऑफ ग्रोनिंगेन, फ्रांस की ईएसएसईसी बिजनेस स्कूल, आयरलैंड की यूनिवर्सिटी कॉलेज डबलिन, इटली की डोमस अकादमी मिलान और स्विट्जरलैंड की लेस रोशेस सहित 14 देशों के प्रमुख विश्वविद्यालय शामिल रहे। वहीं भारत की ओर से अशोका यूनिवर्सिटी, फ्लेम यूनिवर्सिटी, महिंद्रा यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सल एआई यूनिवर्सिटी, अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी (अहमदाबाद) और वीआईटी जैसे प्रमुख शिक्षण संस्थानों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
धारव हाई स्कूल की डायरेक्टर डॉ. अदिति मिश्रा ने कहा कि, “आज के समय में सही करियर चुनने के लिए छात्रों को समय रहते सही मार्गदर्शन मिलना बेहद जरूरी है। यह यूनिवर्सिटी फेयर केवल एडमिशन की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजाइन, रिसर्च और अन्य उभरते क्षेत्रों के बारे में भी जानकारी देता है। हमें खुशी है कि इस पहल के माध्यम से हम छात्रों को उच्च शिक्षा और बेहतर करियर की दिशा में सही मार्गदर्शन देने का प्रयास कर रहे हैं।”
करीब तीन घंटे तक चले इस यूनिवर्सिटी फेयर में 1,500 से अधिक छात्रों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया। उन्होंने विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत कर एडमिशन, स्कॉलरशिप, उच्च शिक्षा और करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। कार्यक्रम में शामिल विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल छात्रों को सही समय पर बेहतर करियर मार्गदर्शन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




