जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एम.एन.आई.टी.), जयपुर में आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम 2026 के द्वितीय दिवस में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत विकास, संस्थान से परिचय तथा विद्यार्थी सहभागिता पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इन सत्रों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय वातावरण से परिचित होने का अवसर प्रदान किया। प्रथम दिवस की शुरुआत शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य गतिविधियों के साथ हुई, जिसमें योग, एरोबिक्स और प्रकृति भ्रमण शामिल थे। ये गतिविधियाँ प्रातः 6:30 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित की गईं और विद्यार्थियों को स्वस्थ दिनचर्या अपनाने तथा शारीरिक एवं मानसिक कल्याण के महत्व को समझने के लिए प्रोत्साहित किया।
दिवस के दौरान विद्यार्थियों ने “ नेविगेटिंग स्किल्सफर फॉर ट्रांजिशन टू कॉलेज लाइफ़” विषय पर वेलनेस कार्यशाला में भाग लिया, जो प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित हुई। कार्यशाला ने विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन में होने वाले परिवर्तनों के अनुरूप स्वयं को ढालने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा नए शैक्षणिक एवं सामाजिक परिवेश में प्रभावी सहभागिता के लिए तैयार किया। इसी अवधि में आयोजित सह-पाठ्यक्रमीय क्लबों के ओरिएंटेशन शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को एम.एन.आई.टी. जयपुर के विभिन्न सांस्कृतिक, तकनीकी एवं अन्य छात्र क्लबों से परिचित कराया गया। “ नाउ योर कॉलेज ” के अंतर्गत परिसर एवं विभागीय भ्रमण का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने संस्थान के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक स्थलों एवं प्रमुख सुविधाओं का परिचय प्राप्त किया। यह भ्रमण प्रातः 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित हुआ। इसके साथ ही वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण जागरूकता एवं सतत विकास की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
दिवस के कार्यक्रम में “ माइंड मैनेजमेंट” विषय पर अक्षय पात्र के राघव चरण दास द्वारा विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किया गया। सत्र में विद्यार्थियों को विचारों के प्रबंधन, एकाग्रता तथा विद्यार्थी जीवन की विभिन्न चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के संबंध में उपयोगी दृष्टिकोण प्राप्त हुए। दिवस का समापन एक प्रेरणादायी अंग्रेज़ी फिल्म के प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसने विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ दृढ़ता, सकारात्मक सोच एवं व्यक्तिगत विकास जैसे मूल्यों पर चिंतन करने का अवसर प्रदान किया।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम का द्वितीय दिवस स्वास्थ्य एवं कल्याण, व्यक्तिगत विकास, संस्थान से परिचय, सह-पाठ्यक्रमीय सहभागिता, पर्यावरण जागरूकता और विशेषज्ञ मार्गदर्शन के संतुलित समन्वय के साथ संपन्न हुआ। दिनभर की गतिविधियों ने विद्यार्थियों को परिसर जीवन की व्यापक समझ प्रदान की और एम.एन.आई.टी. जयपुर में उपलब्ध विभिन्न अवसरों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।