
दिव्यराष्ट्र, जयपुर: राजस्थान ग्रामीण बैंक (आरजीबी), एनपीसीआई भीम और वुमेन्स वल्र्ड बैंकिंग ने राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के बीच डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत भीम पेमेंट्स ऐप के माध्यम से एक वर्ष में तीन लाख महिलाओं तक पहुँचने का लक्ष्य रखा गया है। भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढाँचे और यूपीआई प्रणाली की सफलता से प्रेरित होकर यह पहल शुरू की गई है। ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को डिजिटल पेमेंट की सुविधा तो उपलब्ध है, लेकिन उन्हें इसका नियमित इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है। इस पहल का उद्देश्य इसी अंतर को कम करना है।
इस पहल की शुरुआत उदयपुर में की गई। इस अवसर पर राजस्थान ग्रामीण बैंक, एनपीसीआई भीम, वुमेन्स वल्र्ड बैंकिंग, सरकारी विभागों और इस क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम में राजस्थान के ग्रामीण इलाकों की 100 से अधिक महिलाओं ने भी भाग लिया। ये महिलाएँ अपने रोज़मर्रा के वित्तीय लेन-देन के लिए भीम पेमेंट्स ऐप का सफलतापूर्वक इस्तेमाल कर रही हैं।
यह पहल ‘यूपीआई फॉर हर 2.0’ कार्यक्रम का हिस्सा है। एक शोध के अनुसार, भारत में लगभग 20 करोड़ महिलाओं के पास स्मार्टफोन और बैंक खाता है। उचित मार्गदर्शन, आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद और महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई सुविधाएँ उपलब्ध होने पर ये महिलाएँ यूपीआई का इस्तेमाल कर सकती हैं।
एनपीसीआई भीम की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललिथा नटराज ने कहा कि भारत में डिजिटल भुगतान क्रांति का पूरा लाभ उठाने के लिए महिलाओं को केवल इस बदलाव का हिस्सा बनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें इसे आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभानी चाहिए। खासकर कम आय वाले परिवारों की महिलाओं के लिए यह बहुत जरूरी है। डिजिटल भुगतान से महिलाएँ अपने पैसों का बेहतर प्रबंधन कर सकती हैं। वे विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकती हैं और अपने तथा अपने परिवार के लिए अधिक सुरक्षित भविष्य बना सकती हैं। राजस्थान के ग्रामीण इलाकों की 100 से अधिक महिलाओं ने रोज़मर्रा के लेन-देन के लिए भीम पेमेंट्स ऐप का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। वे इस ऐप के फायदे भी अनुभव कर चुकी हैं। राजस्थान ग्रामीण बैंक और वुमेन्स वल्र्ड बैंकिंग के साथ साझेदारी में हम राज्य की अधिक से अधिक महिलाओं तक यह अवसर पहुँचाने के लिए काम कर रहे हैं। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए, हम एक समावेशी डिजिटल अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा प्रयास है कि हर महिला को आगे बढऩे और प्रगति करने का अवसर मिले।
राजस्थान ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष मुकेश भारतीय ने कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों का ग्रामीण समुदायों के साथ विश्वास का एक अनूठा रिश्ता है। इस भरोसे के साथ भीम की डिजिटल सुविधाओं को जोडक़र हम महिलाओं को डिजिटल वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल शुरू करने में मदद कर सकते हैं। साथ ही, भारत के डिजिटल बुनियादी ढाँचे का लाभ हर गाँव और हर परिवार तक पहुँचाया जा सकता है।





