ग्रेटर नोएडा, दिव्यराष्ट्र/ नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (एनआईयू) के लिए गर्व है कि यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के बी.टेक बायोटेक्नोलॉजी छात्र और एनसीसी के सीनियर अंडर ऑफिसर मोहम्मद उमैर का चयन एनसीसी यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम 2026 के लिए हुआ है। इस कार्यक्रम के तहत वह 25 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक पेरू, दक्षिण अमेरिका में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मोहम्मद उमैर अपने बटालियन और पूरे उत्तर प्रदेश से चुने गए एकमात्र कैडेट हैं, जिन्हें इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिला है। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाती है।
उमैर का चयन रिपब्लिक डे कैंप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है, जो एनसीसी का देश का सबसे प्रतिष्ठित मंच माना जाता है। इस कार्यक्रम में वह भारत के यूथ एंबेसडर के रूप में विभिन्न देशों के युवाओं के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान, नेतृत्व और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देंगे।
इस अवसर पर नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. विक्रम सिंह ने खुशी जताते हुए कहा, “मोहम्मद उमैर को एनसीसी यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम 2026 के लिए चयनित होने पर हार्दिक बधाई। यह हम सभी के लिए गर्व का पल है। पूरे उत्तर प्रदेश से एकमात्र कैडेट के रूप में चयनित होना उनकी मेहनत, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। हमें विश्वास है कि वह वैश्विक मंच पर भारत का नाम रोशन करेंगे और अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेंगे।”
अपनी खुशी साझा करते हुए मोहम्मद उमैर ने कहा, “भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह उपलब्धि मेरे परिवार के सहयोग, विश्वविद्यालय के मार्गदर्शन और शिक्षकों के समर्थन के बिना संभव नहीं थी। मैं विश्वविद्यालय के चेयरमैन सर, चांसलर सर और विशेष रूप से लेफ्टिनेंट प्रतिमा मैम का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन किया। मैं अपने विश्वविद्यालय, राज्य और देश का नाम गर्व से रोशन करने की पूरी कोशिश करूंगा।”
एनआईयू की एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट प्रतिमा पांडेय ने कहा, “मोहम्मद उमैर की सफलता यह साबित करती है कि अनुशासन, मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। एनसीसी युवाओं को नेतृत्व और जिम्मेदारी सिखाने का मजबूत मंच है। उमैर की उपलब्धि अन्य छात्रों को भी प्रेरित करेगी।”
नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी परिवार ने मोहम्मद उमैर को इस बड़ी उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।