ग्रेटर नोएडा, दिव्यराष्ट्र/ नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ( एनआईयू ) ने टाइम्स हायर एजुकेशन ( इम्पैक्ट रैंकिंग 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के सतत विकास , सामाजिक जिम्मेदारी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और वैश्विक सहयोग के प्रति लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। यह रैंकिंग संयुक्त राष्ट्र के सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स को पूरा करने में दुनिया भर के विश्वविद्यालयों के योगदान के आधार पर जारी की जाती है।
रैंकिंग में नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी को एसडीजी 12 (जिम्मेदार उपभोग और उत्पादन) के तहत 401-600 की वैश्विक रैंक मिली है। यह विश्वविद्यालय द्वारा संसाधनों के बेहतर उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार संस्थागत कार्यप्रणाली के क्षेत्र में किए गए प्रयासों को दर्शाती है।
इसके अलावा, एसडीजी 5 (लैंगिक समानता) में विश्वविद्यालय को 601-800 की वैश्विक रैंक प्राप्त हुई है। यह सम्मान परिसर में समान अवसर उपलब्ध कराने, महिलाओं को शिक्षा, नेतृत्व और शोध के माध्यम से सशक्त बनाने तथा समावेशी माहौल विकसित करने के प्रयासों के लिए दिया गया है।
वहीं, एसडीजी 3 (अच्छा स्वास्थ्य और बेहतर जीवन) में विश्वविद्यालय को 801-1000 की वैश्विक रैंक मिली है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य शिक्षा, चिकित्सा अनुसंधान, सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं और लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए किए गए कार्यों को मान्यता देती है।
समग्र ओवरऑल इम्पैक्ट रैंकिंग में भी नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी को 1001-1500 की वैश्विक रैंक हासिल हुई है। साथ ही एसडीजी 17 (लक्ष्यों के लिए साझेदारी) में भी विश्वविद्यालय को 1001-1500 की वैश्विक रैंक मिली है। यह उद्योग, सरकार, शैक्षणिक संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ विश्वविद्यालय की मजबूत साझेदारी को दर्शाता है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. देवेश कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मान पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में सतत विकास एक विकल्प नहीं, बल्कि सभी की जिम्मेदारी है और विश्वविद्यालय इसी दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. विक्रम सिंह ने कहा कि टाइम्स हायर एजुकेशन से मिली यह वैश्विक मान्यता इस बात का प्रमाण है कि विश्वविद्यालय ने शिक्षा, शोध, नवाचार, स्वास्थ्य सेवाओं, लैंगिक समानता और सामाजिक भागीदारी जैसे सभी क्षेत्रों में सतत विकास को अपनी कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय को भविष्य में और अधिक अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा शोध के लिए प्रेरित करेगी।
कुलपति प्रो. (डॉ.) उमा भारद्वाज ने कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने पाठ्यक्रम, शोध और संस्थागत कार्यों में सतत विकास को प्राथमिकता देता है और आगे भी समाज के लिए जिम्मेदार तथा वैश्विक स्तर पर सक्षम युवाओं को तैयार करने की दिशा में काम करता रहेगा।
गौरतलब है कि टाइम्स हायर एजुकेशन इम्पैक्ट रैंकिंग दुनिया की प्रतिष्ठित वैश्विक रैंकिंग में शामिल है। इसमें विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के आधार पर शिक्षा, शोध, सामाजिक योगदान, प्रशासन और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन जैसे विभिन्न मानकों पर किया जाता है।
इस उपलब्धि के साथ नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने एक बार फिर यह साबित किया है कि वह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सतत विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में भी लगातार नए मानक स्थापित कर रही है।






