जलवायु अनुकूल पुनर्योजी कृषि पर हुआ व्यापक मंथन
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ नाबार्ड, राजस्थान क्षेत्रीय कार्यालय, जयपुर द्वारा कृषि एवं ग्रामीण विकास पर क्षेत्रीय सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य विषय“जलवायु अनुकूल पुनर्योजी कृषि रहा। बैठक में कृषि विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, बैंकों, राज्य सरकार के विभागों, किसान उत्पादक संगठनों कृषि उद्यमियों, केवीआईसी, केवीके, स्टार्टअप्स अन्य जुडी हुई संस्थाओ व संबंधित हितधारकों ने भाग लिया
बैठक में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने हेतु मृदा स्वास्थ्य सुधार, फसल विविधीकरण, कृषि यंत्रीकरण, कृषि प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कृषि सलाह तथा किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने एफपीओ के लिए प्रसंस्करण एवं विपणन प्रशिक्षण, कृषि उत्पादों की ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग, गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता, कृषि ऋण प्रवाह में सुधार तथा किसानों एवं बैंक अधिकारियों के क्षमता निर्माण पर विशेष बल दिया।
बैठक में विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय एवं अभिसरण को मजबूत कर राजस्थान में टिकाऊ एवं जलवायु अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। बैठक का समापन इस विश्वास के साथ हुआ कि अनुसंधान संस्थानों, सरकारी विभागों, वित्तीय संस्थाओं, किसान संगठनों एवं कृषि उद्यमियों के संयुक्त प्रयासों से राजस्थान में जलवायु अनुकूल एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों की आय और ग्रामीण आजीविका में सुधार आएगा।