
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र: वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी अमर बाबू को मोबाइल बिजनेस ग्रुप का नया जनरल मैनेजर तथा मोटोरोला का ग्लोबल प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति 1 जनवरी 2027 से प्रभावी होगी। वर्तमान में अमर बाबू लेनोवो में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और एशिया पैसिफिक क्षेत्र के प्रेसिडेंट के रूप में कार्यरत हैं।
कंपनी के अनुसार, अमर बाबू ऐसे समय में मोटोरोला की कमान संभालेंगे जब कंपनी विश्वभर में अपने स्मार्ट डिवाइस और डिजिटल अनुभवों का विस्तार कर रही है। लेनोवो की पर्सनल एआई रणनीति में मोटोरोला की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है।
लेनोवो का कहना है कि नए नेतृत्व में मोटोरोला प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में अपनी उपस्थिति मजबूत करेगा, इंटेलिजेंट डिवाइसेज इकोसिस्टम का विस्तार करेगा तथा अमेरिका, भारत और जापान जैसे प्रमुख बाजारों में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ बनाएगा।
पिछले पांच वर्षों में अमर बाबू के नेतृत्व में एशिया पैसिफिक क्षेत्र लेनोवो की वृद्धि का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। इस दौरान कंपनी ने पीसी बाजार में अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी, जबकि भारत में मोटोरोला की बाजार हिस्सेदारी लगभग 9 प्रतिशत तक पहुंच गई। जापान में कंपनी दूसरी सबसे बड़ी स्मार्टफोन ब्रांड के रूप में स्थापित हुई।
साल 2007 में लेनोवो से जुड़े अमर बाबू ने बिजनेस मैनेजमेंट, ऑपरेशंस, सर्विसेज और मार्केट डेवलपमेंट से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं। लेनोवो से पहले वे इंटेल, एचसीएल और सिटीबैंक जैसी कंपनियों में भी कार्य कर चुके हैं।
लेनोवो के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और इंटेलिजेंट डिवाइसेज ग्रुप के प्रेसिडेंट लुका रॉसी ने कहा कि अमर बाबू एक मजबूत नेतृत्वकर्ता हैं और उनका व्यापक अनुभव वैश्विक स्तर पर मोटोरोला की सफलता को नई दिशा देगा।
नई भूमिका में अमर बाबू, लुका रॉसी को रिपोर्ट करेंगे। संक्रमण अवधि के दौरान वे एशिया पैसिफिक प्रेसिडेंट का दायित्व भी संभालते रहेंगे, जबकि लुका रॉसी वर्ष 2026 के अंत तक मोटोरोला के कार्यवाहक ग्लोबल प्रेसिडेंट बने रहेंगे। [
