पार्किंसन के इलाज में मिलेगी नई सुविधा
जयपुर, दिव्यराष्ट्र। पार्किंसन रोग और मूवमेंट डिसऑर्डर्स से जूझ रहे मरीजों के उपचार को बेहतर बनाने की दिशा में नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर ने एडवांस्ड एआई आधारित एडैप्टिव डीप ब्रेन स्टिमुलेशन (डीबीएस) तकनीक का शुभारंभ किया। अंतरराष्ट्रीय मूवमेंट डिसऑर्डर्स दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में न्यूरोलॉजी के विशेषज्ञों ने पार्किंसन रोग के उपचार में आधुनिक तकनीकों की भूमिका, एडैप्टिव डीबीएस की कार्यप्रणाली और मरीजों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एस.एम.एस. मेडिकल कॉलेज, जयपुर के न्यूरोलॉजी विभाग की वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. डॉ. भावना शर्मा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर नारायणा हॉस्पिटल के डायरेक्टर श्री बलविंदर सिंह वालिया, क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. प्रदीप कुमार गोयल और कंसल्टेंट – न्यूरोलॉजी, मूवमेंट डिसऑर्डर्स एवं डीबीएस स्पेशलिस्ट डॉ. वैभव माथुर ने भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि पार्किंसन रोग एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जिसमें मस्तिष्क की गतिविधियों में बदलाव के कारण मरीज को हाथ-पैरों में कंपन, मांसपेशियों में अकड़न, चलने-फिरने में परेशानी और शरीर की गतिविधियों को नियंत्रित करने में कठिनाई हो सकती है। समय के साथ ये लक्षण मरीज की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर सकते हैं।
एडैप्टिव डीप ब्रेन स्टिमुलेशन (डीबीएस) एक उन्नत तकनीक है, जिसमें मस्तिष्क की गतिविधियों के संकेतों के आधार पर स्टिमुलेशन को जरूरत के अनुसार समायोजित किया जा सकता है। इसमें एआई आधारित तकनीक की मदद से मस्तिष्क के संकेतों को समझकर उपचार को अधिक व्यक्तिगत बनाने में सहायता मिलती है। इसका उद्देश्य मरीज की जरूरत के अनुसार स्टिमुलेशन देना और लक्षणों को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने में मदद करना है।
इस अवसर पर डॉ. वैभव माथुर* ने एडैप्टिव डीबीएस की कार्यप्रणाली और पार्किंसन रोग के मरीजों के लिए इसके संभावित लाभों पर जानकारी दी। कार्यक्रम में डीबीएस में एआई के उपयोग पर शैक्षणिक चर्चा, मरीजों में एडैप्टिव डीबीएस तकनीक का लाइव प्रदर्शन और मरीजों के साथ संवाद भी आयोजित किया गया। इस दौरान नारायणा हॉस्पिटल में सफलतापूर्वक की गई 25 DBS सर्जरी की उपलब्धि को भी साझा किया गया, जो मूवमेंट डिसऑर्डर्स के उपचार में हॉस्पिटल के अनुभव और विशेषज्ञता को दर्शाती है।
प्रो. डॉ. भावना शर्मा, वरिष्ठ प्रोफेसर, न्यूरोलॉजी विभाग, एस.एम.एस. मेडिकल कॉलेज, जयपुर ने कहा, “पार्किंसन रोग के मरीजों के लिए सही उपचार के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाना भी बेहद महत्वपूर्ण है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और पर्याप्त नींद से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। तनाव का स्तर अधिक होने पर पार्किंसन के लक्षण भी प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए तनाव को नियंत्रित रखना और सकारात्मक दिनचर्या अपनाना जरूरी है। मरीजों को नियमित चिकित्सकीय परामर्श के साथ अपनी जीवनशैली पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।”
उन्होंने नारायणा हॉस्पिटल का भी धन्यवाद किया और कहा कि पार्किंसन रोग के मरीजों के लिए एडवांस्ड उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराना, विशेष रूप से DBS सर्जरी जैसी आधुनिक तकनीक को अपनाना, मरीजों के बेहतर उपचार की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
बलविंदर सिंह वालिया ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने का उद्देश्य मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नारायणा हॉस्पिटल लगातार आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और विशेषज्ञ सेवाओं के माध्यम से मरीजों की देखभाल को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयासरत है।
डॉ. प्रदीप कुमार गोयल ने कहा कि न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के उपचार में तकनीकी प्रगति से मरीजों के लिए नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। एडैप्टिव डीबीएस जैसी तकनीक उपचार को मरीज की जरूरत के अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में पार्किंसन रोग एवं अन्य मूवमेंट डिसऑर्डर्स से पीड़ित मरीजों, समाज के वरिष्ठ सदस्यों, चिकित्सा विशेषज्ञों और अन्य आमंत्रित अतिथियों ने भाग लिया। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवाद कर आधुनिक उपचार विकल्पों की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्किंसन रोग और मूवमेंट डिसऑर्डर्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बेहतर उपचार सुविधाओं के बारे में लोगों को जानकारी देना था।