जोधपुर, दिव्यराष्ट्र:/ मोगड़ा स्थित जीत मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जेएमसीएच) को नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) की ओर से एमबीबीएस की 250 सीटों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे अब शैक्षणिक सत्र 2026-27 में यहां 250 स्टूडेंट्स एडमिशन ले सकेंगे। इसके साथ ही जेएमसीएच पश्चिमी राजस्थान में 250 सीटों की स्वीकृति वाला एकमात्र प्राइवेट मेडिकल कॉलेज बन गया है, जो क्षेत्र में मेडिकल एजुकेशन के लिए बड़ी उपलब्धि है।
जेएमसीएच के चेयरमेन मयंक सिंघी ने कहा कि इस स्वीकृति के साथ अब जोधपुर में और अधिक स्टूडेंट्स को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलगा। जोधपुर संभाग के स्टूडेंट्स को अब मेडिकल एजुकेशन के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। एमबीबीएस सीट बढ़ने से प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं का स्तर और बेहतर होगा तथा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य संसाधनों को मजबूती मिलेगी। हमारा उद्देश्य है कि जेएमसीएच से पढ़कर निकलने वाले युवा चिकित्सक समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उल्लेखनीय है कि अरुण शांति एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित जेएमसीएच जोधपुर में निजी क्षेत्र का प्रमुख मेडिकल कॉलेज है, जो गुणवत्तापूर्ण मेडिकल एजुकेशन व अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जाना जाता है। यह ट्रस्ट की मेडिकल यूनिवर्सिटी परियोजना का प्रथम चरण है। जेएमसीएच चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित 1000 बेड वाला हॉस्पिटल, अनुभवी चिकित्सक स्टाफ और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के बल पर यहां अब तक हजारों मरीजों को उपचार का लाभ मिल चुका है।
जेएमसीएच के प्रिंसिपल व कंट्रोलर डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि संस्थान के हॉस्पिटल द्वारा मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, सीजीएचएस व आरजीएचएस में पहले से ही निशुल्क कैशलेस ट्रीटमेंट की सुविधा प्रदान की जा रही है। जेएमसीएच द्वारा एम्पलाई स्टेट इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (ईएसआईसी) के साथ भी एमओयू किया गया है। इसके तहत संस्थान द्वारा राजस्थान क्षेत्र के कर्मचारी राज्य बीमा योजना के लाभार्थियों, ईएसआई कार्ड धारक कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनभोगियों व उनके आश्रितों को कैशलेस उपचार प्रदान किया जा रहा है। सरकारी योजनाओं के अलावा यहां निशुल्क दवा, परामर्श और जांच के साथ-साथ निशुल्क आईपीडी और सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध है। करीब 30 एकड़ के परिसर में फैला है यह संस्थान यह क्षेत्र में कैंसर का सबसे बड़ा प्राइवेट इंस्टीट्यूट है। यह पश्चिमी राजस्थान का सबसे बड़ा रेडियोथेरेपी कॉम्प्लेक्स है, जो कैंसर के निदान व उपचार के लिए एडवांस तकनीकों से सुसज्जित है।