जयपुर, दिव्य राष्ट्र/ भारत सरकार के इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद् (ईईपीसी) द्वारा देहरादून के ताज़ होटल में आयोजित विशेष पुरस्कार वितरण समारोह में जयपुर की औधोगिक इकाई जेएलसी इलेक्ट्रोमेट को कंपनी के द्वारा किये गये उत्कृष्ट निर्यात के लिए टॉप एक्सपोर्टर ऑफ़ द ईयर – सिल्वर ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री के द्वारा उत्तराखंड सरकार के मुख्य सचिव व ईईपीसी चेयरमैन की उपस्थिति मे प्रदान किया गया जिसको कंपनी के निर्यात प्रबंधक राजेंद्र शर्मा ने प्राप्त किया।
इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद् ( ईईपीसी ) द्वारा दिया जाने वाला पुरस्कार देश के इंजीनियरिंग निर्यात उद्योग के लिए सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में माना जाता है।
निर्यात प्रबंधक शर्मा ने बताया कि कंपनी ने निदेशक नवीन बैद, डा. तपन देशाई एवं चित्रा बैद के निर्देशन मे निरंतर निर्यात वृद्धि और वैश्विक बाजार में मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई है और गुणवत्ता आधारित विनिर्माण और विश्वसनीय डिलीवरी के माध्यम से कंपनी ने भारत के इंजीनियरिंग निर्यात क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है ।
कंपनी के प्रबंध निदेशक नवीन बैद ने बताया कि वर्तमान में कंपनी 47 से ज्यादा देशों को अपने उत्पाद निर्यात कर रही है और आने वाले वर्षो में कंपनी अपने वैश्विक विस्तार और निर्यात क्षमताओं को और सुदृढ करने के लिए प्रतिबद्ध है।