
छात्रों को मिला रु 24.11 लाख सालाना का अधिकतम पैकेज
जयपुर, दिव्यराष्ट्र/ जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट, जयपुर ने जयपुर कैंपस में अपने 19वें सालाना दीक्षांत समारोह का आयोजन किया, जहां पीजीडीएम प्रोग्रामों के 296 ग्रेजुएट छात्रों और एफपीएम प्रोग्राम के 5 स्कॉलर्स को डिप्लोमा दिए गए। इस दीक्षांत समारोह के साथ वर्ष 2026 का बैच औपचारिक रूप से कक्षा से कॉर्पोरेट जगत की ओर अग्रसर हो गया।
जेपी मॉर्गन चेस एंड कंपनी के एक्ज़क्टिव डायरेक्टर श्री पंकज शर्मा ने दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के वाईस चेयरमैन श्रीवत्स जयपुरिया ने समारोह की अध्यक्षता की। जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, जयपुर के डायरेक्टर डॉ. दानेश्वर शर्मा ने संस्थान की वार्षिक प्रगति की रिपोर्ट पेश की, जिसके बाद ग्रेजुएट होने वाले छात्रों को डिप्लोमा दिए गए और श्री शर्मा ने दीक्षांत भाषण दिया।
ग्रेजुएट होने वाले इस बैच को बैंकिंग एंड फाइनैंशियल सर्विसेज़, मैनुफैक्चरिंग, कन्ज़्यूमर गुड्स, एनर्जी, कंसल्टिंग एवं मीडिया जगत के रिक्रुटर्स से अधिकतम रु 24.11 लाख सालाना का अधिकतम पैकेज और औसतन रु 11.08 लाख सालाना के पैकेज मिले हैं। बैच के छात्रों को डेलॉइट, ब्लैकरॉक, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आदित्य बिरला कैपिटल, कोलगेट-पामोलिव, टीवीएस मोटर कंपनी, जियो-बीपी, द टाइम्स ऑफ़ इंडिया और जेके सीमेंट जैसी टॉप कंपनियों से नौकरी के ऑफ़र मिले हैं।
ग्रेजुएट होने वाले और टॉप परफोर्मेन्स देने वाले छात्रों को बधाई देते हुए पंकज शर्मा ने कहा, ‘‘जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेन्ट के ग्रेजुएट होने वाले बैच की उपलब्धियों को देखना सम्मान और गौरव का विषय है। आपकी शिक्षा आपको इस मुकाम तक लेकर आई है, लेकिन आपके निर्णय आपके भविष्य को आकार देंगे। सीखना कभी भी बंद मत कीजिए, अपनी यात्रा के लिए जवाबदेह रहिए। आपको एक सफल करियर के साथ-साथ एक सार्थक जीवन भी बनाना है।’’
संस्थान के सर्वोच्च एकेडमिक सम्मानों के साथ बैच की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया। चेयरमैन्स गोल्ड मैडल अलीज़ा आबदीन (पीजीडीएम) और अनुष्का सहाय (पीजीडीएम – सर्विस मैनेजमेंट) को दिया गया; वाईस चेयरमैन्स सिल्वर मैडल यशपाल सिंह चौहान (पीजीडीएम) और इज़ला नईम (पीजीडीएम – सर्विस मैनेजमेंट) को मिला; और डायरेक्टर्स ब्रॉन्ज़ मेडल आर्यन काबरा (पीजीडीएम), कीर्ति चौधरी (पीजीडीएम) और सृष्टि डुबोलिया (पीजीडीएम – सर्विस मैनेजमेंट) को दिया गया।
संस्थान ने अपने व्यापक एकेडमिक समुदाय में बेहतरीन काम करने वालों को भी सम्मानित किया। डिस्टिंग्विश्ड फैकल्टी अवार्ड्स डॉ. आशुतोष यादव (टीचिंग की बेहतरीन गुणवत्ता), डॉ. अन्बेश जमवाल (कोर्स पर सबसे अच्छा फीडबैक), डॉ. वरुण चोटिया (रिसर्च में बेहतरीन काम) और डॉ. ओउम कुमारी आर (छात्रों पर समग्र सकारात्मक प्रभाव) को दिए गए। पूर्व छात्रों की उपलब्धियों को चेयरमैन अवार्ड ऑफ़ रिकग्निशन से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड वैभव लुहाडिया (बैच 2007-2009, अपोलो टायर्स में सीनियर मैनेजर – लॉजिस्टिक्स) को कॉर्पोरेट क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए और प्रेम रंजन सिंह (बैच 2015-2017, पराग मिल्क फूड्स में रीजनल सेल्स मैनेजर) को दिया गया। दीक्षांत समारोह के लिए औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन एकेडमिक्स के डीन डॉ वरूण चोटिया ने दिया।
इस उपलब्धि पर अपने विचार व्यक्त करते हुए जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट में बोर्ड ऑफ़ गवर्नर्स के वाइस चेयरमैन
, श्रीवत्स जयपुरिया ने कहा, आप एक ऐसी दुनिया में कदम रख रहे हैं, जिसे एआई आकार दे रहा है, आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ तेज़ी से बदलाव आ रहे हैं। आपकी क्षमता इस बात में नहीं कि आप क्या जानते हैं, बल्कि आपके सीखने, अपने आप को ढालने और विकसित होने पर निर्भर करती है। जीवन में आगे बढ़ते हुए उत्सुक और जिज्ञासु बने रहें ईमानदारी के साथ नेतृत्व करें, सहानुभूति दर्शाएं और जब चीज़ें आपकी योजना मुताबिक न हों, तब भी आगे बढ़ते रहने का साहस रखें। हमें गर्व है कि आप सभी ने यह उपलब्धि हासिल की है और अब हम यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि आप दुनिया पर क्या प्रभाव उत्पन्न करते हैं।’’
जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट, जयपुर के डायरेक्टर डॉ. दानेश्वर शर्मा ने कहा, “आज के समारोह को ‘कमेंसमेंट’ यानि शुरूआत भी कहा जा सकता है। क्योंकि यह आपके जीवन में एक नए और रोमांचक सफ़र की शुरुआत का प्रतीक है। आप जीवन के अगले पड़ाव की ओर बढ़ रहे हैं, आपको कभी भी यह नहीं भूलना कि आप उस समाज को क्या दे सकते हैं जहाँ से आप आए हैं। आपको समाज के कल्याण के लिए काम करना है। सीखते रहें, बेहतरीन काम करने की कोशिश करें, सार्थक सफलता हासिल करें और अपने परिवार, दोस्तों और अपने संस्थान का नाम रौशन करें।’’




