
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र: भारत व्यापार संवर्धन संगठन की ओर से 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं प्रदर्शकों को सम्मानित किया गया। भारत मंडपम में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, मंत्रालयों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों, विदेशी प्रतिभागियों और निजी क्षेत्र की संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, नवाचार, प्रस्तुति एवं योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर आईटीपीओ के अध्यक्ष जवेद अशरफ ने कहा कि इस वर्ष व्यापार मेले को आम जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिला है। मेले में बढ़ती जनभागीदारी, स्टार्टअप की नवाचारी पहल, आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएं और मीडिया की सकारात्मक सहभागिता इसकी सफलता के प्रमुख आधार रहे हैं। उन्होंने विभिन्न राज्यों, मंत्रालयों, सार्वजनिक उपक्रमों, व्यावसायिक संस्थानों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
राजस्थान पवेलियन को मिला उत्कृष्ट सहभागिता सम्मान
व्यापार मेले में राजस्थान ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के समापन से एक दिन पूर्व आयोजित पुरस्कार समारोह में राजस्थान पवेलियन को पार्टनर स्टेट श्रेणी में ‘अवार्ड ऑफ ऑनरेबल पार्टिसिपेशन’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही फूड कैटेगरी में राजस्थान ने स्वर्ण पुरस्कार हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान लगातार दूसरे वर्ष आईआईटीएफ में पार्टनर स्टेट के रूप में सहभागी बना। पिछले वर्ष आयोजित 44वें आईआईटीएफ में भी राजस्थान को पार्टनर स्टेट का दर्जा मिला था। दोनों वर्षों में राजस्थान पवेलियन के लिए 1,000 वर्ग मीटर क्षेत्र आवंटित किया गया। पिछले वर्ष राजस्थान पवेलियन को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड अवॉर्ड मिला था। इस वर्ष भी अपनी विशिष्ट थीम, आकर्षक डिस्प्ले और सुव्यवस्थित आयोजन के चलते राजस्थान पवेलियन ने देश-विदेश के आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।
खाद्य स्टॉल श्रेणी में राजस्थान को स्वर्ण
खाद्य स्टॉल श्रेणी में राजस्थान ने स्वर्ण, झारखंड ने रजत और पंजाब ने कांस्य पुरस्कार हासिल किया, जबकि उत्तर प्रदेश को प्रशस्ति सम्मान मिला।
फूड कैटेगरी में स्वर्ण पुरस्कार मिलना राजस्थान की समृद्ध खानपान परंपरा और विविध स्वादों की लोकप्रियता का परिचायक है। प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों ने मेले में आए लोगों को राजस्थान की विशिष्ट पाक कला और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।
राजस्थान पवेलियन को मिला उत्कृष्ट सहभागिता सम्मान और फूड कैटेगरी में स्वर्ण पुरस्कार प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि, स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक खानपान और प्रभावी आयोजन प्रबंधन को मिली राष्ट्रीय स्तर की मान्यता है।
इस उपलब्धि में राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान लघु उद्योग निगम, आयोजन एवं व्यवस्थापन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों, प्रतिभागी उद्यमियों, कारीगरों और स्टॉल संचालकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
तमिलनाडु और पंजाब ने हासिल किया स्वर्ण पदक
राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की श्रेणी में तमिलनाडु को स्वर्ण, केरल को रजत और मध्य प्रदेश को कांस्य पुरस्कार प्रदान किया गया। त्रिपुरा को प्रशस्ति सम्मान मिला। वहीं राज्यों की विषयगत प्रस्तुति श्रेणी में पंजाब ने स्वर्ण, ओडिशा ने रजत, कर्नाटक ने कांस्य तथा गुजरात ने प्रशस्ति पुरस्कार प्राप्त किया।
बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश ने सहयोगी राज्यों के रूप में भागीदारी की, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्य रहे।
एमएसएमई मंत्रालय और पंजाब नेशनल बैंक को स्वर्ण सम्मान
मंत्रालयों एवं सरकारी विभागों की श्रेणी में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) को स्वर्ण पुरस्कार मिला। रेल मंत्रालय को रजत तथा वस्त्र मंत्रालय को कांस्य पुरस्कार प्रदान किया गया। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट -डीपीआईआईटी को प्रशस्ति सम्मान दिया गया।
सार्वजनिक उपक्रमों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की श्रेणी में पंजाब नेशनल बैंक ने स्वर्ण पदक हासिल किया। भारतीय स्टेट बैंक को रजत और गुजरात राज्य हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास निगम लिमिटेड को कांस्य पुरस्कार मिला। भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड को प्रशस्ति सम्मान प्रदान किया गया।
विभिन्न श्रेणियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान
कमोडिटी बोर्ड श्रेणी में कॉयर बोर्ड को स्वर्ण, टी बोर्ड इंडिया को रजत, नारियल विकास बोर्ड को कांस्य तथा राष्ट्रीय जूट बोर्ड को प्रशस्ति पुरस्कार मिला।
जनसंचार एवं जनसंपर्क श्रेणी में आयुष मंत्रालय ने स्वर्ण, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड ने रजत और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने कांस्य पुरस्कार प्राप्त किया। भारतीय पैकेजिंग संस्थान को प्रशस्ति सम्मान दिया गया।
‘एम्पावरिंग इंडिया’ श्रेणी में विद्युत मंत्रालय को स्वर्ण पुरस्कार प्रदान किया गया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय को रजत पुरस्कार मिला। आयकर विभाग तथा जीएसटी एवं सीमा शुल्क विभाग को संयुक्त रूप से कांस्य पुरस्कार दिया गया। राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड को प्रशस्ति सम्मान मिला।
विदेशी श्रेणी में तुर्किये अव्वल
विदेशी प्रतिभागियों की श्रेणी में तुर्किये ने स्वर्ण पुरस्कार प्राप्त किया। ट्यूनीशिया के दूतावास को रजत तथा ईरान के दूतावास को कांस्य पुरस्कार मिला। घाना उच्चायोग और अफगानिस्तान के दूतावास को प्रशस्ति सम्मान प्रदान किया गया।
टिकट बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि, 7.5 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार
समारोह को संबोधित करते हुए आईटीपीओ के अध्यक्ष जवेद अशरफ ने बताया कि 25 नवंबर तक व्यापार मेले की टिकट बिक्री लगभग 7.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा करीब 5.5 करोड़ रुपये था। टिकट बिक्री में हुई यह वृद्धि मेले के प्रति आम जनता के बढ़ते आकर्षण और व्यापक लोकप्रियता को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले में स्थापित ‘हॉल ऑफ इंस्पिरेशन’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां 500 से अधिक स्टार्टअप ने अपनी नवाचारी तकनीकों और ऐसे समाधानों का प्रदर्शन किया, जो वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान में सहायक हैं। इस पहल को आगंतुकों का शानदार प्रतिसाद मिला।
इसके अतिरिक्त मेले के दौरान 80 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें देश की विविध लोककलाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली।
खाद्य सुविधाओं और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में हुआ सुधार
अशरफ ने बताया कि इस बार फूड कोर्ट की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और आगंतुकों की सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया। भारत मंडपम परिसर में लगभग 600 वर्ग मीटर क्षेत्र में एलईडी वॉल स्थापित की गई हैं। भविष्य में पूरे परिसर में 100 से अधिक एलईडी स्क्रीन लगाने की भी योजना है, जिससे डिजिटल एवं दृश्य संचार व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकेगा।
मीडिया और सहयोगी एजेंसियों की भूमिका की सराहना
आईटीपीओ अध्यक्ष ने मेले को मिली व्यापक मीडिया कवरेज की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया प्रतिनिधियों ने मेले की पहलों, उपलब्धियों और गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया। इन एजेंसियों ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने दिल्लीवासियों, देश-विदेश से आए आगंतुकों और आम जनता के सहयोग के लिए आभार जताते हुए केंद्र सरकार के निरंतर समर्थन की भी सराहना की।
समारोह में प्रदान किए गए पुरस्कारों ने देश-विदेश के प्रतिभागियों की उत्कृष्टता, नवाचार और रचनात्मकता को सम्मानित किया। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि वह केवल व्यापारिक गतिविधियों का मंच नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक प्रगति, उद्यमिता, सांस्कृतिक विविधता, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और नवाचार को वैश्विक पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है।
चार लाख से अधिक दर्शकों ने देखा राजस्थान पवेलियन
राजस्थान पवेलियन को मेले के दौरान देशभर से आए आगंतुकों, व्यापारियों, उद्यमियों, विदेशी प्रतिनिधियों और विभिन्न राज्यों के विशिष्ट अतिथियों का व्यापक प्रतिसाद मिला। पवेलियन निदेशक हर्ष शर्मा के अनुसार, 26 नवंबर तक चार लाख से अधिक लोग राजस्थान पवेलियन का अवलोकन कर चुके थे।
पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लाइव डेमो और आकर्षक साज-सज्जा ने लोगों में विशेष उत्साह पैदा किया। आगंतुकों ने राजस्थान के उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई और प्रदेश की पारंपरिक मेहमाननवाजी की भी सराहना की।



