
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र: राजधानी के प्रगति मैदान में शुक्रवार को संपन्न हुए 14 दिवसीय 45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान पवेलियन आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। राजस्थान की समृद्ध कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को देखने के लिए लाखों की संख्या में देशी-विदेशी आगंतुक पहुंचे। इस दौरान पवेलियन में 50 लाख रुपये से अधिक का कारोबार हुआ, जो राजस्थानी उत्पादों की लोकप्रियता और उनकी बाजार क्षमता का प्रमाण है।
राजस्थान पवेलियन के निदेशक हर्ष शर्मा ने बताया कि राजस्थान की पारंपरिक हस्तशिल्प कला और विशिष्ट उत्पादों के प्रति लोगों में विशेष आकर्षण देखने को मिला। पवेलियन में सबसे अधिक बिक्री जयपुरी रजाइयों, राजस्थानी हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधानों और राजस्थानी खानपान की हुई। उन्होंने कहा कि व्यापार मेले ने प्रदेश के शिल्पकारों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पाद निर्माताओं को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि व्यापार मेले के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘विकसित राजस्थान’ के विजन को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। राजस्थान पवेलियन में प्रदेश के 41 जिलों के एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) उत्पादों तथा 24 जीआई टैग प्राप्त विशिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही 44 स्टॉलों के माध्यम से शिल्पकारों, उद्यमियों, उत्पाद निर्माताओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर उपलब्ध कराया गया।
मेले की केंद्रीय थीम ‘विकास और विरासत’ के अनुरूप राजस्थान पवेलियन में प्रदेश की गौरवशाली परंपरा, लोककला, संस्कृति और शिल्प को आधुनिक तकनीक, औद्योगिक विकास, निवेश तथा नवाचार की संभावनाओं के साथ आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया। पवेलियन का भव्य ‘पीकॉक गेट’ और ‘नमस्ते गेट’ आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण रहे। वहीं एआई आधारित डिजिटल झरोखा, कठपुतली कियोस्क, सेल्फी झरोखा और 3डी प्रिंटिंग जैसी आधुनिक तकनीकी प्रस्तुतियों ने परंपरा और तकनीक के अनूठे संगम को प्रदर्शित किया।
14 दिनों तक चले इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन के दौरान विभिन्न देशों के गणमान्य प्रतिनिधियों और विदेशी अतिथियों ने भी राजस्थान पवेलियन का भ्रमण किया। उन्होंने यहां प्रदर्शित राजस्थानी कला, संस्कृति और हस्तशिल्प की मुक्तकंठ से सराहना की तथा प्रदेश के शिल्पकारों और कारीगरों से सीधे संवाद कर उनके हुनर, अनुभव और उत्पाद निर्माण की परंपराओं को जाना।
कुल मिलाकर, भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान पवेलियन की उल्लेखनीय लोकप्रियता और 50 लाख रुपये से अधिक का कारोबार इस बात का संकेत है कि राजस्थान के पारंपरिक उत्पादों में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। मेले ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान देने के साथ ही स्थानीय कारीगरों, महिला उद्यमियों और छोटे उत्पाद निर्माताओं को आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक प्रभावी मंच प्रदान किया।



