जयपुर:/ इंटरनेशनल स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेटिक्स एंड मैनेजमेंट तथा आईआईएस (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) ने तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एचसीएल गुवी के साथ एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस समझौते के माध्यम से दोनों शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उद्योग आधारित शिक्षा, रोजगारपरक प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ मिलेगा। समझौते के तहत स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के एकीकृत पाठ्यक्रम, क्रेडिट कोर्स, स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम तथा फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम संचालित किए जाएंगे। यह सहयोग आगामी तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा।
एमओयू के अंतर्गत एचसीएल गुवी अपने उद्योग विशेषज्ञों के माध्यम से आईआईआईएम एवं आईआईएस विश्वविद्यालय परिसर में प्रशिक्षण सत्र आयोजित करेगा। इसके साथ ही ऑनलाइन प्रशिक्षण के लिए अपने लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) प्लेटफॉर्म की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा। विद्यार्थियों के कौशल मूल्यांकन के लिए एआई-आधारित प्रॉक्टर्ड परीक्षा आयोजित की जाएगी। सफलतापूर्वक पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को आईआईआईएम, आईआईएस विश्वविद्यालय एवं एचसीएल गुवी द्वारा संयुक्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
इस सहयोग के अंतर्गत विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी उपकरणों जैसे कोडकाटा, वेबकाटा और आईडीईएस तक पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे व्यावहारिक ज्ञान और उद्योग की वास्तविक चुनौतियों के अनुरूप कौशल अर्जित कर सकेंगे। फ्लिप मोड अकादमिक पाठ्यक्रम के माध्यम से सैद्धांतिक शिक्षा को व्यवहारिक प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा।
संस्थान प्रबंधन के अनुसार यह समझौता विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की तकनीकी दक्षता, रोजगार के बेहतर अवसर तथा उद्योग जगत से सीधे जुड़ने का मंच प्रदान करेगा। साथ ही यह साझेदारी संस्थानों की राष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाएगी।