
28 स्कूलों की 126 टीमों ने लिया हिस्सा; विजेता टीम राष्ट्रीय सेमीफाइनल में पहुंची
मुंबई, दिव्यराष्ट्र: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने अपनी प्रमुख अंतर-स्कूली क्विज प्रतियोगिता ‘टीसीएस इनक्विजिटिव 2026’ के मुंबई चरण का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में ठाणे स्थित हिरानंदानी फाउंडेशन स्कूल के रोशन कन्ना और विवान कुंदेतकर ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ दोनों ने राष्ट्रीय सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
मुंबई में आयोजित इस प्रतियोगिता में 28 स्कूलों की कुल 126 टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रोटियन ई-गव टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय राजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं, टीसीएस मुंबई के सेंटर हेड मिलिंद कांबले भी इस अवसर पर मौजूद थे।
इस वर्ष की प्रतियोगिता में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित रियल-टाइम एनालिटिक्स का इस्तेमाल किया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को प्रत्येक राउंड के बाद अपने प्रदर्शन का विस्तृत विश्लेषण देखने और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर टीसीएस मुंबई के सेंटर हेड मिलिंद कांबले ने कहा, “मुंबई ऐसा शहर है, जो सपनों को उड़ान देता है और लोगों को बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करता है। आज की क्विज प्रतियोगिता में भी यही भावना देखने को मिली। प्रतिभागियों का व्यापक ज्ञान, हाजिरजवाबी और टीमवर्क सराहनीय रहा, जिसने प्रतियोगिता को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाया। हम सभी प्रतिभागी टीमों के प्रयासों की सराहना करते हैं और विजेताओं को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि मुंबई अब राष्ट्रीय सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले की मेजबानी के लिए तैयार है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का स्वागत करने और विजेता टीम को राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में शिक्षा, मनोरंजन, खेल, व्यावसायिक गतिविधियों, विज्ञापन और सोशल मीडिया सहित विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे गए। इस वर्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया। प्रतियोगिता में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, ऑटोमेशन, बायोमेट्रिक्स और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों से जुड़े विषय भी शामिल थे।
अपने 28वें वर्ष में प्रवेश कर रही ‘टीसीएस इनक्विजिटिव’ देश की प्रतिष्ठित अंतर-स्कूली क्विज प्रतियोगिताओं में से एक है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नई चीजें सीखने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना है। यह मंच विद्यार्थियों को अपने ज्ञान का विस्तार करने और आसपास की दुनिया को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करता है।
वर्ष 2026 में इस प्रतियोगिता का आयोजन पुणे, इंदौर, बेंगलुरु, अहमदाबाद, नागपुर, हैदराबाद, चेन्नई, भुवनेश्वर, कोच्चि, कोलकाता और मुंबई सहित देश के विभिन्न शहरों में किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में देशभर के प्रतिभाशाली युवा क्विज प्रतिभागी ‘टीसीएस इनक्विजिटिव नेशनल चैंपियंस 2026’ का प्रतिष्ठित खिताब जीतने के लिए मुकाबला करेंगे।




