
जयपुर / गोवा, दिव्यराष्ट्र। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी 2026) के अंतर्गत गोवा में आयोजित 20वें वेव्स फिल्म बाज़ार का बुधवार को समापन हुआ। 20 से 24 नवंबर तक चले इस पांच दिवसीय प्रतिष्ठित फिल्म बाज़ार में राजस्थान पर्यटन विभाग का विशेष स्टॉल देशी-विदेशी फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों, लाइन प्रोड्यूसर्स और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के प्रतिनिधियों के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक किले-महल, हवेलियां, रेगिस्तानी सौंदर्य और विविध प्राकृतिक लोकेशन्स ने फिल्म जगत के प्रतिनिधियों को खासा प्रभावित किया। राजस्थान पर्यटन विभाग एवं फिल्म फेसिलिटेशन सेल के अधिकारियों ने स्टॉल पर आने वाले फिल्मकारों को ‘राजस्थान फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025’ के प्रावधानों, वित्तीय सहायता तथा राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। नीति के तहत पात्र फीचर फिल्मों को उत्पादन व्यय पर 30 प्रतिशत तक सब्सिडी, अधिकतम ₹3 करोड़ तक के प्रोत्साहन सहित, वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री और टीवी सीरियल्स के लिए निर्धारित वित्तीय सहायता की जानकारी फिल्म निर्माताओं के लिए विशेष आकर्षण रही। इसके साथ ही सिंगल-विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग अनुमति की सरल और त्वरित प्रक्रिया ने राजस्थान को फिल्म शूटिंग के लिए एक अनुकूल गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया।
*पिछले 10 वर्षों से इफ्फी और फिल्म बाज़ार में सक्रिय हैं रिफ फेस्टिवल डायरेक्टर सोमेंद्र हर्ष*
इस अवसर पर राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (रिफ) के फेस्टिवल डायरेक्टर श्री सोमेंद्र हर्ष भी इफ्फी 2026 और वेव्स फिल्म बाज़ार में उपस्थित रहे। वे पिछले लगभग 10 वर्षों से लगातार गोवा में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव और फिल्म बाज़ार में सहभागिता कर रहे हैं। इस दौरान वे भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की नई प्रवृत्तियों, फिल्म निर्माण, सह-निर्माण और फिल्म वितरण से जुड़े अवसरों का अवलोकन करते रहे हैं।सोमेंद्र हर्ष ने कहा, “ इफ्फी और वेव्स फिल्म बाज़ार भारतीय तथा अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के बीच संवाद, सहयोग और नए अवसरों का एक महत्वपूर्ण मंच है। पिछले 10 वर्षों से इस आयोजन में भाग लेते हुए मैंने विश्व सिनेमा की विविधता, नए फिल्मकारों की रचनात्मक सोच और उत्कृष्ट फिल्मों के चयन की प्रक्रिया को करीब से समझा है। इस वर्ष भी यहां प्रदर्शित और प्रस्तुत की जा रही अच्छी फिल्मों, विशेषकर पैनोरमा श्रेणी की फिल्मों को देखने, समझने और चयनित करने का अवसर मिला है।”
उन्होंने आगे बताया कि वे यहां से प्राप्त सिनेमाई अनुभव और चयन प्रक्रिया के आधार पर आगामी 13वें राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (रिफ 2027) के लिए बेहतरीन भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय सिनेमा, गुणवत्तापूर्ण फीचर फिल्मों और पैनोरमा फिल्मों के चयन पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
रिफ 2027 का आयोजन 6 से 10 जनवरी 2027 तक राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), जयपुर में किया जाएगा। इस संस्करण का विषय “जयपुर @ 300 – थ्री सेंचुरी वन सिटी , इनफिनिटी स्टोरीज ” रखा गया है, जो जयपुर शहर के 300 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, विरासत और सिनेमाई संभावनाओं को समर्पित है।
सोमेंद्र हर्ष ने कहा कि रिफ़ का उद्देश्य राजस्थान में फिल्म संस्कृति को बढ़ावा देना, उत्कृष्ट सिनेमा को दर्शकों तक पहुंचाना तथा स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मकारों के लिए संवाद एवं सहयोग का मंच तैयार करना है। वेव्स फिल्म बाज़ार जैसे वैश्विक आयोजनों में सहभागिता से रिफ को नई फिल्मों, प्रतिभाओं और फिल्म उद्योग के साथ बेहतर जुड़ाव बनाने में सहायता मिलती है।
*राजस्थान में फिल्म पर्यटन को मिलेगी नई गति*
वेव्स फिल्म बाज़ार के समापन के साथ राजस्थान पर्यटन विभाग की टीम कई महत्वपूर्ण बी-टू-बी बैठकों और सकारात्मक चर्चाओं के परिणाम लेकर लौट रही है। इन बैठकों में फीचर फिल्मों, अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री और वेब सीरीज की राजस्थान में शूटिंग को लेकर प्रारंभिक सहमति एवं रुचि सामने आई है।
फिल्म पर्यटन के विस्तार से राज्य में स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, लाइन प्रोड्यूसर्स, होटल व्यवसायियों, ट्रैवल ऑपरेटर्स और अन्य पर्यटन-संबंधित व्यवसायों के लिए रोजगार एवं आर्थिक विकास के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
राजस्थान की फिल्म पर्यटन नीति-2025 और वेव्स फिल्म बाज़ार में मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया राज्य को देश और दुनिया के फिल्मकारों के लिए एक आकर्षक, सुविधाजनक और रचनात्मक शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।





