3,500 करोड़ रुपये से अधिक के ईवी इकोसिस्टम को मिली मजबूती
पुणे, दिव्यराष्ट्र: एका मोबिलिटी और उसकी समूह कंपनियों ने “एका अविर्भाव” कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में स्थित छह नई विनिर्माण इकाइयों का उद्घाटन किया। यह पहल भारत में इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों के लिए 3,500 करोड़ रुपये से अधिक के एकीकृत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।
कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में एका मोबिलिटी ने सालाना आधार पर 1,243 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। नई इकाइयों के चालू होने से उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय विस्तार होगा और कंपनी की विकास गति को और बल मिलेगा।
40,000 से अधिक ईवी निर्माण की वार्षिक क्षमता
एका समूह वर्तमान में 120 एकड़ क्षेत्र में फैली 11 फैक्ट्रियों का संचालन कर रहा है, जिनमें से छह नई इकाइयों का उद्घाटन किया गया है। कंपनी का दावा है कि इन संयंत्रों में प्रतिवर्ष 40,000 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण की क्षमता है। साथ ही, अनुसंधान एवं विकास (R&D) पर 600 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है और कंपनी के पास 300 से अधिक बौद्धिक संपदा अधिकार मौजूद हैं। [
रोजगार सृजन को मिलेगा बढ़ावा
समूह में वर्तमान में 6,000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। कंपनी का अनुमान है कि अगले पाँच वर्षों में उसके संचालन और व्यापक औद्योगिक इकोसिस्टम के माध्यम से 2.5 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित होंगे।
छह नई इकाइयों में पूरी वैल्यू चेन होगी कवर
उद्घाटित संयंत्रों में छोटी कमर्शियल गाड़ियों, बसों और ट्रकों की असेंबली, सीटिंग सिस्टम, इंटीरियर, बैटरी एनक्लोजर और अन्य ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स के निर्माण की सुविधाएं शामिल हैं। इससे इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन निर्माण की पूरी वैल्यू चेन को एकीकृत रूप से संचालित किया जा सकेगा।
वैश्विक विस्तार पर भी फोकस
कंपनी की बसें वर्तमान में जंजीबार में और छोटी कमर्शियल इलेक्ट्रिक गाड़ियां नेपाल में संचालित हो रही हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में वाहन असेंबली के नए संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कंपनी की उपस्थिति और मजबूत होगी।
11,000 बसों की ऑर्डर बुक
एका मोबिलिटी ने बताया कि उसकी ऑर्डर बुक में 11,000 से अधिक बसें शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.7 अरब अमेरिकी डॉलर है। कंपनी की इलेक्ट्रिक बसें देश के कई राज्यों में संचालित हो रही हैं, जबकि 1,500 से अधिक छोटी कमर्शियल इलेक्ट्रिक गाड़ियां भी बाजार में उतारी जा चुकी हैं।
कंपनी का बयान
एका मोबिलिटी और समूह कंपनियों के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. सुधीर मेहता ने कहा कि “एका अविर्भाव” भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने, स्वदेशी इंजीनियरिंग को बढ़ावा देने और टिकाऊ परिवहन समाधानों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।