अहमदाबाद, दिव्यराष्ट्र:/ वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य तेजी से इंडस्ट्री 5.0 की ओर बढ़ रहा है। ऐसे समय में भारत के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ईडीआईआई ने अहमदाबाद में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया है।
सम्मेलन में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि इंडस्ट्री 5.0 केवल तकनीक का विस्तार नहीं है, बल्कि इसमें मानव-केंद्रित विकास, स्थिरता और नवाचार को समान महत्व दिया जाता है। सुश्री मर्सी एपाओ ने कहा कि एमएसएमई का विकास सीधे देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाता है और उन्हें नई तकनीकों को अपनाने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।
सुश्री क्षिप्रा अग्रे ने उद्यमिता दक्षता को आर्थिक विकास का आधार बताते हुए कहा कि मजबूत उद्यमिता क्षमताएं एक टिकाऊ बिजनेस इकोसिस्टम का निर्माण करती हैं। वहीं अमन समीर ने कहा कि इंडस्ट्री 5.0 एमएसएमई के लिए उत्पादकता और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने का बड़ा अवसर लेकर आई है।
ईडीआईआई के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला ने कहा कि भारत में एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए अनेक योजनाएं और नीतियां संचालित की जा रही हैं तथा इंडस्ट्री 5.0 का मॉडल तकनीक और मानवीय क्षमताओं के समन्वय से नए अवसर पैदा करेगा।
सम्मेलन में तीन देशों और छह राज्यों से आए प्रतिनिधि ज्ञान साझा कर रहे हैं। साथ ही डिजिटल ट्विन्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार और सप्लाई चेन प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप मॉनिटर रिपोर्ट 2024-25 का विमोचन भी रहा।