अहमदाबाद, दिव्यराष्ट्र/ एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (ईडीआईआई), अहमदाबाद ने तेलंगाना में उद्यमिता विकास को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से हैदराबाद में एक नए केंद्र की स्थापना की है। इस केंद्र का आभासी (वर्चुअल) माध्यम से उद्घाटन ईडीआईआई के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला ने किया। यह पहल राज्य में स्व-रोजगार, नवाचार, स्टार्टअप्स और एमएसएमई को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण आधारशिला साबित होगी।
यह केंद्र तेलंगाना में ईडीआईआई के संचालन केंद्र के रूप में कार्य करेगा और राज्यभर के शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक संगठनों, उद्यमिता सहयोगी संस्थाओं तथा उद्यमियों के साथ अधिक प्रभावी और निकट सहयोग स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, यह केंद्र उद्योग विभाग के साथ सार्थक साझेदारी के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न पहलों को गति प्रदान करेगा।
ईडीआईआई के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला ने कहा, “तेलंगाना आज भारत के सबसे गतिशील उद्यमशील राज्यों में से एक बनकर उभरा है। हमारा उद्देश्य स्थानीय हितधारकों के साथ मिलकर एक मजबूत और समावेशी उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है, जो तेलंगाना के प्रत्येक जिले तक पहुंचे और राज्यभर के युवाओं, महिलाओं तथा उद्यमी बनने की आकांक्षा रखने वाले लोगों के लिए नए अवसर सृजित करे।”
*ईडीआईआई के बारे में**
एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (ईडीआईआई), अहमदाबाद, जिसकी स्थापना 1983 में हुई थी, भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय द्वारा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में मान्यता प्राप्त एक राष्ट्रीय संसाधन संस्थान है। उद्यमिता संवर्धन के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, ईडीआईआई ने देश और विदेश में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर्स (ईडीसी) की स्थापना कर उद्यमिता आंदोलन को व्यापक आधार प्रदान किया है। अब तक ईडीआईआई गोवा, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों तथा लद्दाख में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर्स की स्थापना कर चुका है अथवा उनकी स्थापना की प्रक्रिया में है। इसके अतिरिक्त, संस्थान के कंबोडिया, लाओस, म्यांमार, वियतनाम, उज्बेकिस्तान और रवांडा में भी अंतरराष्ट्रीय सहयोगी केंद्र (इंटरनेशनल एफिलिएट्स) हैं।




