जयपुर, दिव्यराष्ट्र। मेहरानगढ़ म्युजियम ट्रस्ट, जोधपुर की ओर से दिए जाने वाला प्रतिष्ठित मारवाड़ रत्न अवार्ड के लिए बाड़मेर के डॉ भुवनेश जैन का चयन मोहता नैणसी सम्मान वर्ष 2026 के लिए घोषित किया गया है। यह अवार्ड उनके द्वारा ओरण एवं थार का पर्यावरण, लोक संस्कृति, रेगिस्तानी आदिवासी, हस्तशिल्प आदि विषयों पर शोधपूर्ण लेखन एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में स्थायी महत्व के दीर्घकालीन उच्च स्तरीय योगदान के लिए दिया जा रहा है। थार के हुनर को वैश्विक पहचान दिलाने वाले पदमश्री मगराज जैन के सुपुत्र डॉ भुवनेश जैन अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए थार की सांस्कृतिक, सामाजिक और लोक कला के उन्नयन तथा संरक्षण के लिए निरंतर संघर्षरत है। भारत सरकार के युवा और खेल मंत्रालय के नेहरू युवा संगठन के पांच राज्यों के निदेशक रहे डॉ भुवनेश जैन ने अपने सेवाकाल और सेवा निवृति के बाद थार की समृद्ध संस्कृति, इतिहास, लोक संगीत और पर्यावरण को अक्षुण्य रखने के लिए प्रयासरत है और युवा पीढ़ी को थार की ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य कर रहे है।
डॉ जैन की पहचान ओरण दूत, ओरण मेन के रूप में भी रही है। डॉ जैन वर्तमान मे सोसाइटी टु अपलिफ्ट रूरल इकोनामी से जुड़े है। डॉ जैन का मारवाड़ रत्न अवार्ड चयन पर पर्यावरण प्रेमियों, लोक कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है। यह प्रतिष्ठित अवार्ड 12 मई को जोधपुर में जोधपुर स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा।