भीलवाड़ा दिव्यराष्ट्र। संगम विश्वविद्यालय, भीलवाड़ा के भौतिकी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं उप अधिष्ठाता (अनुसंधान) डॉ. अभिषेक सक्सेना को भारत सरकार के अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (एएनआरएफ) द्वारा प्रतिष्ठित इंटरनेशनल ट्रैवल सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत इटली में आयोजित होने वाली 46वीं कॉस्पर साइंटिफिक असेंबली में शोध पत्र प्रस्तुति हेतु यात्रा अनुदान स्वीकृत किया गया है।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 1 से 9 अगस्त, 2026 तक इटली के फ्लोरेंस में आयोजित होगा, जिसमें विश्वभर के अंतरिक्ष विज्ञान, वायुमंडलीय विज्ञान एवं पृथ्वी विज्ञान के अग्रणी वैज्ञानिक भाग लेंगे। डॉ. सक्सेना इस सम्मेलन में अपने शोध कार्य का प्रस्तुतीकरण करेंगे तथा विभिन्न देशों के वैज्ञानिकों के साथ नवीनतम वैज्ञानिक अनुसंधानों पर विचार-विमर्श करेंगे।
एएनआरएफ द्वारा जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार डॉ. सक्सेना को भारत से इटली तक आने-जाने का इकोनॉमी श्रेणी का हवाई किराया, एयरपोर्ट टैक्स एवं वीज़ा शुल्क प्रदान किया जाएगा। यह यात्रा सहायता भारत सरकार की एक प्रतिष्ठित योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट भारतीय शोधकर्ताओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने शोध प्रस्तुत करने और वैश्विक वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदान की जाती है।
डॉ. सक्सेना ने इस उपलब्धि का श्रेय संगम विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव (रजिस्ट्रार), प्रबंधन, अनुसंधान प्रकोष्ठ, सहकर्मी शिक्षकों एवं अपने शोधार्थियों के सतत मार्गदर्शन, सहयोग एवं प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि यह अवसर न केवल उनके लिए बल्कि संगम विश्वविद्यालय के लिए भी गर्व का विषय है तथा इससे विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय शोध पहचान को और अधिक सुदृढ़ता मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि डॉ. अभिषेक सक्सेना वायुमंडलीय विज्ञान, वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा उपग्रह आधारित पर्यावरणीय अनुसंधान के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं तथा उनके शोध कार्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप से प्रकाशित एवं प्रस्तुत किए जा चुके हैं।