
श्रीगंगानगर, दिव्य राष्ट्र/ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) के पूर्व महानिरीक्षक (आई.जी.) गिरीश चावला को नई दिल्ली के होटल ले-मेरिडियन में आयोजित एक भव्य समारोह में ग्लोबल एक्सीलेंस फोरम द्वारा ‘भारत सम्मान 2025 अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में उनके साथ कई अन्य गणमान्य हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।
गिरीश चावला 1987 बैच के यू.पी.एस.सी. सी.पी.ओ. अखिल भारतीय टॉपर, ने सीआरपीएफ में महानिरीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल में उन्होंने राजस्थान, मणिपुर, त्रिपुरा, असम, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, पंजाब, मध्य प्रदेश और दिल्ली जैसे क्षेत्रों में आंतरिक सुरक्षा, उग्रवाद विरोधी अभियानों और प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मिशन में सिविल अफेयर्स ऑफिसर (इकोनॉमिक्स) के रूप में भी कार्य किया। उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें दो बार राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। इतिहास और वित्तीय प्रबंधन में स्नातकोत्तर चावला ने मानव संसाधन प्रबंधन, वित्त, लेखा और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल की।
सेवानिवृत्ति के पश्चात चावला श्रीगंगानगर में अपने निवास पर रह रहे हैं और भाजपा से सक्रिय रूप से जुड़े हैं। वर्ष 2023 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में वे श्रीगंगानगर सीट से भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार थे। ग्लोबल एक्सीलेंस फोरम के समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। इस भव्य आयोजन में चावला को उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक सेवा में योगदान के लिए भारत सम्मान 2025 प्रदान किया गया।