जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ वैशाली नगर स्थित प्रताप नगर कॉलोनी में वार्ड 31 के नवनिर्वाचित पार्षद सीए विजय अग्रवाल एवं विकास समिति के सहयोग से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत पूरी कॉलोनी में सफाई कर स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पार्षद सीए विजय अग्रवाल ने अपने प्रथम स्वच्छता अभियान की शुरुआत पूर्व में जयपुर के स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी प्रताप नगर कॉलोनी से की। अभियान में कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देश में स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण रखने की शपथ भी ली। सभी ने स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए कॉलोनी को साफ-सुथरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
वहीं, विकास समिति के पदाधिकारियों के साथ कॉलोनी में किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान विकास कार्यों की प्राथमिकताओं एवं उनके रोडमैप पर भी विचार-विमर्श किया गया।
विकास समिति के सचिव तरुण भारत वधवा ने बताया कि स्वच्छता अभियान के साथ-साथ कॉलोनी के विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की दिशा में चर्चा हुई है। समिति का उद्देश्य कॉलोनीवासियों के सहयोग से प्रताप नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है।
कार्यक्रम में विकास समिति अध्यक्ष तिलकराज बख्शी, संरक्षक अर्जुन रतनू, डॉ. प्रवीण जोशी, कुलप्रीत सिंह, संयुक्त सचिव CA अतुल साबू, श्याम बियाणी, सुरेंद्र अजमेरा, वीना नागपाल, मंजू शर्मा सहित कॉलोनी के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
विकास समिति के सचिव तरुण भारत वधवा ने स्वच्छता अभियान में सहयोग करने वाले सभी सफाईकर्मियों, विकास समिति के पदाधिकारियों एवं कॉलोनीवासियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित प्रताप नगर के संकल्प के साथ अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।