ट्रांसयूनियन सिबिल ने यूपीआई उपयोगकर्ताओं में क्रेडिट संबंधी जागरूकता लाने के लिए एनबीएसएल के साथ साझेदारी की
मुंबई, दिव्यराष्ट्र/ भारत की अग्रणी क्रेडिट सूचना कंपनी, ट्रांसयूनियन सिबिल ने भीम भुगतान ऐप में उपभोक्ता सिबिल स्कोर और क्रेडिट सूचना रिपोर्ट (सीआईआर) जोड़ने की घोषणा की। भीम भुगतान ऐप, एमपीसीआई भीम सर्विसेज़ लिमिटेड (एनबीएसएल) द्वारा विकसित भारत का स्वदेशी भुगतान ऐप है। इसके जुड़ने से भीम ऐप के उपयोगकर्ता अपने सिबिल स्कोर और क्रेडिट संबंधी प्रमुख जानकारी सीधे ऐप के भीतर ही सुरक्षित रूप से देख सकेंगे और इस पर नज़र रख सकेंगे, जिससे उन्हें अपनी क्रेडिट स्थिति के बारे में बेहतर जानकारी मिल सकेगी। नियामक दिशानिर्देशों के अनुरूप, यह एकीकरण ‘ग्राहक सहमति-आधारित मॉडल’ पर परिचालन करता है, जिसमें क्रेडिट जानकारी केवल उपयोगकर्ता की मंज़ूरी के बाद ही देखी जा की जाती है, जिससे पारदर्शिता और नियंत्रण सुनिश्चित होता है।
ट्रांसयूनियन सिबिल और एनबीएसएल दो ऐसे प्रमुख संस्थान हैं, जो भारत के वित्तीय तथा डिजिटल भुगतान परितंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। भीम ऐप में सिबिल स्कोर को शामिल कर क्रेडिट जागरूकता को रोज़मर्रा की वित्तीय गतिविधियों के साथ जोड़ दिया गया है। इससे उपभोक्ता जाने-पहचाने माहौल में, क्रेडिट के संबंध में आसानी से और सुरक्षित रूप से विश्वसनीय जानकारी प्राप्त कर, सोच-समझकर वित्तीय निर्णय ले सकेंगे।
भीम भुगतान ऐप को उपयोगकर्ताओं को उनकी रोज़मर्रा की वित्तीय ज़रूरतों के प्रबंधन में मदद करने के लिए तैयार किया गया है। भारतीय उपयोगकर्ताओं के लिए बनाया गया यह ऐप 15 से अधिक भारतीय भाषाओं का समर्थन करता है और सरल तथा आसानी से उपयोग किया जाने वाला इंटरफेस प्रदान करता है, जिससे यह शहरी, ग्रामीण और अर्ध-शहरी सभी क्षेत्रों में सुलभ हो जाता है। यह उपयोगकर्ताओं को ‘खर्च बांटें’ (स्प्लिट एक्सपेंसेज़), ‘फैमिली मोड’, ‘खर्च विश्लेषण’ (स्पेंड्स एनालिटिक्स) और ‘आवश्यक कार्रवाई’ (एक्शन नीडेड) जैसे रिमाइंडर और सुविधाओं के ज़रिये धन का प्रबंधन करने में मदद करता है। सिबिल स्कोर के जुड़ने के साथ, भीम इस दिशा में एक और पहल करते हुए उपयोगकर्ताओं को न केवल लेन-देन करने में मदद करेगा, बल्कि उन्हें अपनी क्रेडिट प्रोफाइल के बारे में जानकारी से भी लैस करेगा।
ट्रांसयूनियन सिबिल के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी भावेश जैन ने इस साझेदारी पर अपनी टिप्पणी में कहा: “क्रेडिट परितंत्र में क्रेडिट संबधी जागरूकता और क्रेडिट समावेश का विशिष्ट स्थान है। भीम भुगतान ऐप अपने लाखों उपयोगकर्ताओं के लिए सिबिल स्कोर और क्रेडिट इन्फॉर्मेशन रिपोर्ट को आसानी से उपलब्ध कराएगा। गौरतलब है कि भारत ऋण के संबंध में मात्र लेन-देन वाले दृष्टिकोण से परे अब सोच-समझकर बनाई गई योजना वाले नज़रिए की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में यह पहल हमारी उपभोक्ता जागरूकता यात्रा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह अपेक्षाकृत अधिक सूचित, सशक्त और समावेशी क्रेडिट वातावरण के विकास में मदद करेगा, जो ‘भलाई के लिए जानकारी’ (इन्फॉर्मेशन फॉर गुड) को बढ़ावा देने के हमारे उद्देश्य के अनुरूप है।”
एनपीसीआई भीम सर्विसेज़ लिमिटेड की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी, ललिता नटराज ने कहा: “भीम भुगतान ऐप को इस तरह तैयार किया गया है कि इसका उपयोग सरलता से हो सके और इस पर उपयोगकर्ता का नियंत्रण हो। हम ट्रांसयूनियन सिबिल के साथ अपने सहयोग के ज़रिये, इस दृष्टिकोण के दायरे में क्रेडिट जागरूकता को शामिल कर रहे हैं, जिससे उपयोगकर्ता भीम ऐप के भीतर ही अपने सिबिल स्कोर को आसानी से देख सकेंगे। यह पहल उपयोगकर्ताओं को सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेने में मदद करने के लिए की गई है।”
यह फीचर भीम भुगतान ऐप के 4.0.19 वर्ज़न और उससे ऊपर के वर्ज़न पर उपलब्ध है।






