
पैदल भ्रमण कर घर-घर पहुंचे मुख्यमंत्री, बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद
चौपाल में खाट पर बैठकर ग्रामीणों से की चर्चा, बिजली-पानी और सिंचाई समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
महिलाओं, युवाओं और बच्चों से आत्मीय संवाद, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की ली जानकारी
छोटी सादड़ी:/ दिव्यराष्ट्र। (समकित वया)* प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी क्षेत्र के बंबोरी गांव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दो दिवसीय दौरा आत्मीय जनसंवाद, ग्रामीण संस्कृति और विकास योजनाओं की समीक्षा के रूप में यादगार बन गया। मुख्यमंत्री ने पहले दिन ग्राम विकास चौपाल में भाग लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, वहीं दूसरे दिन सुबह गांव में पैदल भ्रमण कर घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बंबोरी गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। ग्रामीणों ने पारंपरिक गैर नृत्य और लोक संस्कृति के माध्यम से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री भी ग्रामीण परिवेश में पूरी आत्मीयता के साथ नजर आए और आमजन के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।
चौपाल में खाट पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
ग्राम विकास चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खाट पर बैठकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने बिजली, पेयजल, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के बिना प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव नहीं है। जब तक जनप्रतिनिधि और अधिकारी गांवों में जाकर लोगों से संवाद नहीं करेंगे, तब तक वास्तविक समस्याओं को समझा नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास चौपाल और ग्राम विकास रथ को “विकसित राजस्थान” के संकल्प को साकार करने की महत्वपूर्ण पहल बताया।
महिलाओं और युवाओं से विशेष संवाद
मुख्यमंत्री ने चौपाल के दौरान महिलाओं और युवाओं से विशेष रूप से बातचीत की। उन्होंने महिलाओं को राजीविका से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
युवाओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बच्चों ने दिखाया होमवर्क, मुख्यमंत्री ने बांटी चॉकलेट्स
दूसरे दिन सुबह मुख्यमंत्री ने बंबोरी गांव का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान वे घर-घर पहुंचे और ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की। बच्चों ने मुख्यमंत्री को अपना होमवर्क और पढ़ाई से जुड़ी गतिविधियां दिखाईं, जिस पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलार करते हुए चॉकलेट्स वितरित कीं।
मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया तथा उनके स्वास्थ्य, पेंशन और वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना की जानकारी भी ली। महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने सरकार की योजनाओं के लाभ के बारे में चर्चा की।
चाय पर चर्चा में उठे स्थानीय मुद्दे
गांव भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा भी की। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं और आवश्यकताएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गांव स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर में सपत्नीक जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने लक्ष्मीनाथ जी मंदिर एवं चारभुजानाथ जी मंदिर में भी दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
दौरे के दौरान राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, राज्य मंत्री ममता भूपेश बघेल, सांसद सीपी जोशी, विधायक एवं मंत्री श्रीचंद कृपलानी, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, चित्तौड़गढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष रतन सिंह गाडरी, प्रतापगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्रामीण संस्कृति और जनसंपर्क का अनूठा संगम बना दौरा
मुख्यमंत्री का यह दौरा ग्रामीण संस्कृति, जनसंवाद और विकास कार्यों की समीक्षा का अनूठा उदाहरण बनकर सामने आया। बंबोरी गांव में मुख्यमंत्री का ग्रामीणों के बीच सहज रूप में पहुंचना और समस्याओं को गंभीरता से सुनना क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बना रहा।




