13,037 करोड़ रुपये की परियोजना से शहर को मिलेगी नई रफ्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सौगात
जयपुर, दिव्यराष्ट्र मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सीतापुरा स्थित मेट्रो डिपो में जयपुर मेट्रो फेज-2 का विधिवत भूमि पूजन एवं शिला पूजन किया। साथ ही, उन्होंने पाइलिंग रिंग मशीन का पूजन कर पाइलिंग कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने लगभग 41 किमी लम्बे मेट्रो फेज-2 के माॅडल का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने मानसरोवर से छोटी चैपड़ तक मेट्रो में यात्रा की और बच्चों तथा महिलाओं से बातचीत कर उनके मेट्रो यात्रा के अनुभव जाने। यात्रियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे बेसब्री से जयपुर मेट्रो फेज-2 का इन्तजार कर रहे हैं। प्रहलादपुरा से टोडी मोड तक की इस 41 किलोमीटर मेट्रो लाइन से अधिक से अधिक जयपुरवासियों को सुगम एवं सस्ते आवागमन की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री इसके बाद इलेक्ट्रिक बस में बैठकर मेट्रो डिपो साइट से मानसरोवर मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने विण्डो से टिकट लिया और छोटी चैपड़ तक मेट्रो में सफर किया। यात्रा के दौरान उन्होंने मेट्रो के काॅकपिट से फेज-2 के तहत खासाकोठी में बनने वाले इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन की साइट का भी अवलोकन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री छोटी चैपड़ मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने आर्ट गैलेरी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जयपुर में मेट्रो विस्तार बेहद जरूरी था, इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने जयपुर की जनता को फेज-2 की सौगात दी है। प्रधानमंत्री जिस कार्य का शिलान्यास करते हैं, उसका उद्घाटन भी करते हैं। वर्चुअल शिलान्यास के बाद 18 दिनों में ही सिविल कार्य की शुरूआत हो गई है। जल्द ही शहरवासियों को सुगम आवागमन के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। यह मेट्रो जयपुर की लाइफलाइन भी बनेगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुरूप फेज-3 और फेज-4 का काम भी प्रारंभ किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जयपुर मेट्रो फेज-2 के अन्तर्गत प्रहलादपुरा से टोडी मोड तक उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। यह काॅरिडोर सीतापुरा से लेकर वीकेआईए तक के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए जयपुर की जीवनरेखा के रूप में कार्य करेगा। इस कॉरिडोर की कुल लागत 13 हजार 37 करोड़ रूपये से अधिक है। यह फेज-2 कॉरिडोर सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और स्टेडियम, कलेक्ट्रेट, रेलवे स्टेशन, अंबाबाड़ी तथा विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इस परियोजना में एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी शामिल होगा, जिससे शहर में एकीकृत और निरंतर मेट्रो नेटवर्क सुनिश्चित होगा। परियोजना के फेज-2 के पहले पैकेज में 918 करोड़ से अधिक की लागत के कार्यों के लिए एलओए (स्वीकृति पत्र) जारी भी हो चुका है।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, विधायक कैलाश चन्द वर्मा, गोपाल शर्मा, बालमुकुन्दाचार्य, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, आरएमआरसीएल एमडी वैभव गालरिया सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।