जर्नल ऑफ वैस्क्यूलर डिज़ीज़ में प्रकाशित वैश्विक अध्ययन में पीएम2.5 प्रदूषण तत्व, टाइप 2 डायबिटीज और मेटाबॉलिक हेल्थ के बीच के संबंध के बारे में बताया गया है
20 करोड़ लोगों पर किए गए इस नए शोध में जानकारी दी गई है कि सूक्ष्म कणों से होने वाला प्रदूषण, टाइप 2 डायबिटीज और मेटाबॉलिज़्म से संबंधित बीमारियों में बढ़ोतरी का एक प्रमुख कारण है
14 नवंबर विश्व डायबिटीज दिवस है
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र: जर्नल ऑफ वैस्क्यूलर डिज़िज़ में प्रकाशित एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य विश्लेषण के मुताबिक, शोधार्थियों ने पाया कि लंबे समय तक सूक्ष्म पर्टिक्यूलेट मैटर (पीएम 2.5) के लंबे समय तक संपर्क में रहने से टाइप 2 डायबिटीज होने का जोखिम 10 से 16 फीसदी तक बढ़ जाता है। दुनिया भर के 20 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों के डेटा का विश्लेषण करके इस अध्ययन में यह पाया गया कि वायु प्रदूषण अब सिर्फ़ हृदय और फेफड़ों से संबंधित समस्या भर नहीं है, बल्कि यह मेटाबॉलिज्म को प्रभावित करने वाला एक प्रमुख कारक है जिसे कार्डियोमेटाबॉलिक रोगों के बचाव के तंत्र में तत्काल शामिल किए जाने की आवश्यकता है। वह भी खासकर दक्षिण एशिया जैसे क्षेत्रों में जहां प्रदूषण एक बहुत बड़ी समस्या है।
यह अध्ययन डॉ. अनूप मिश्रा, पद्मश्री एवं एक्जीक्यूटिव चेयरमैन एवं निदेशक, डायबिटीज एवं एंडॉक्रिनोलॉजी, फोर्टिस सी-डॉक हॉस्पिटल फॉर डायबिटीज एंड एलायड साइंसेज़, नई दिल्ली ने यशेंद्र सेठी, नीरजा काका, सौरभ सिंघल, मानवी वासुदेव और जियुसेपे बायोंडी-ज़ोकाई के साथ मिलकर किया है। इस व्यापक अध्ययन का शीर्षक एपेक्स-टी2डी (एसोसिएशन बिटविन पीएम 2.5 एक्सपोज़र एंड टाइप 2 डायबिटीज एक्रॉस द कार्डियोवैस्क्यूलर-किडनी-मेटाबॉलिक (सीकेएम) कॉन्टिनम) है। इस अध्ययन में दुनिया भर के 200 करोड़ प्रतिभागियों के आंकड़ों को शामिल करने वाली पिछली 13 प्रमुख समीक्षाओं का विश्लेषण किया गया है। इस अध्ययन के दायरे में उत्तरी अमेरिका (अमेरिका, कनाडा), यूरोप (जर्मनी, बेल्जियम, इटली, डेनमार्क समेत), पूर्व एशिया (चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, हॉन्ग कॉन्ग, ताईवान), दक्षिण एशिया (भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका), लैटिन अमेरिका (ब्राजील, मैक्सिको) और ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली आबादी आती है। इस अध्ययन से मिली जानकारी से यह पुष्टि होती है कि जहरीली शहरी हवा, मेटाबॉलिज्म को प्रभावित करने वाला एक प्रमुख कारक है और इसे कार्डियोमेटाबॉलिक रोगों के बचाव संबंधी उपचार के दायरे में लाने की तत्काल आवश्यकता है और दक्षिण एशिया जैसे अत्यधिक प्रभावित इलाकों में इसका व्यापक असर सार्वजनिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
अध्ययन का तरीका:
वायु प्रदूषण किस तरह ब्लड शुगर को प्रभावित करता है, यह जानकारी देने के लिए रिसर्च टीम ने सख्त अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक दिशा-निर्देशों (व्यापक समीक्षा के लिए कोकरेन और जेबीआई मेथेडोलॉजी, प्रिज़्मा 2020 और पीआरआईओआर स्टेटमेंट से मिली जानकारी के मुताबिक) का पालन किया। वायु प्रदूषण और डायबिटीज पर सभी संबंधित अध्ययनों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए शोधार्थियों ने मई, 2026 तक सभी प्रमुख वैश्विक वैज्ञानिक डेटाबेस (पबमेड, एमबेस और वेब ऑफ साइंस समेत) को खंगाला। हर समीक्षा की गुणवत्ता को मानक स्वास्थ्यसेवा चेकलिस्ट की मदद से विश्लेषित किया गया और प्रमाणों की विश्वसनीयता को जेबीआई इंटरनेशनल हेल्थ इवैल्यूएशन स्टैंडर्ड (ग्रेड) के हिसाब से ग्रेड किया गया। इस अध्ययन में विभिन्न वैश्विक आबादी से मिली जानकारी की तुलना की गई और एशिया बनाम पश्चिमी देशों के अत्यधिक प्रदूषित इलाकों पर विशेष ध्यान दिया गया।
अध्ययन से मिली जानकारी:
डायबिटीज़ के नए मामलों का परीक्षण करने वाली हर प्रमुख समीक्षा में प्रदूषण से स्पष्ट संबंध की जानकारी मिली। इनके मुताबिक, पीएम2.5 कणों में 10 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर की बढ़ोतरी से जोखिम 10 फीसदी से 16 फीसदी तक बढ़ जाता है। इन विश्लेषणों से डायबिटीज़ के कुल प्रसार की बढ़ी हुई दर, बढ़े हुए ब्लड शुगर के स्तर और अन्य स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलों का पता चला। जोखिम की बढ़ी हुई दर स्वच्छ हवा की श्रेणी में आने वाले इलाकों में रहने वाली आबादी में भी देखने को मिली। चूंकि हर कोई बाहरी हवा के संपर्क में आता है, मामूली से व्यक्तिगत जोखिम भी दुनिया भर में डायबिटीज के लाखों मामलों के बोझ को बढ़ाने वाले साबित होते हैं और इनका सबसे बुरा असर दक्षिण और पूर्वी एशिया में रहने वाली आबादी पर पड़ रहा है।
डॉ. अनूप मिश्रा, पद्मश्री एवं एक्जीक्यूटिव चेयरमैन एवं निदेशक, डायबिटीज एवं एंडॉक्रिनोलॉजी, फोर्टिस सी-डॉक हॉस्पिटल फॉर डायबिटीज एंड एलायड साइंसेज़, नई दिल्ली ने कहा, “यह अध्ययन दर्शाता है कि वायु प्रदूषण को सिर्फ पर्यावरण और सांस के स्वास्थ्य संबंधी समस्या के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे व्यापक कार्डियोवैस्क्यूलर-किडनी-मेटाबॉलिक (सीकेएम) परिदृश्य में रखकर भी देखा जाना चाहिए। अगर दक्षिण एशिया के प्रमुख शहरों में फैले भारी प्रदूषण पर गौर किया जाए, तो डायबिटीज़ की बढ़ती दर से सार्वजनिक स्वास्थ्य को हो रहे नुकसान का असर काफी ज़्यादा है। वायु की गुणवत्ता की देखभाल, डायबिटीज़ से बचाव की प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा बन गया है।”
यशेंद्र सेठी, फर्स्ट ऑथर, एपेक्स-टी2डी अध्ययन ने कहा, “हम जिस वातावरण में रहते हैं, उसका हमारी सेहत काफी असर पड़ता है। वायु प्रदूषण सिर्फ़ फेफड़े की समस्या नहीं है, यह हमारी दिल और मेटाबॉलिज़्म को प्रभावित करता है और टाइप-2 डायबिटीज के जोखिम को बढ़ाता है। वैज्ञानिक प्रमाणों के साथ हमारे अपने शोध ने इस संबंध को उजागर किया है। अगर भारत को डायबिटीज और प्रदूषण दोनों का सामना करना है, तो हमें मेटाबॉलिक स्वास्थ्य में सुधार लाना होगा और अपने वातावरण को स्वच्छ करना होगा। हम जिस हवा में सांस ले रहे हैं, उस पर ध्यान न देकर हम डायबिटीज से नहीं लड़ सकते।”
शोधार्थियों ने इस बात पर जोर दिया कि स्वच्छ हवा से संबंधित दिशा-निर्देश पारंपरिक तौर पर हृदय और फेफड़ों के स्वास्थ्य पर केंद्रित रहते हैं, लेकिन इसमें डायबिटीज से बचाव संबंधित विषय को भी शामिल किया जाना चाहिए। विशेषज्ञ वायु की गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी करने के सिस्टम को मजबूती देने, उत्सर्जन के मानकों को सुदृढ़ करने और राष्ट्रीय स्वास्थ्यसेवा नीतियों में पर्यावरण के पहलू को शामिल करने के सुझाव देते हैं।