
ग्रेटर नोएडा, दिव्यराष्ट्र:/ नवजात शिशुओं की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नोएडा इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एनआईआईएमएस) (निम्स) मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के पीडियाट्रिक्स विभाग द्वारा एनआरपी डे के अवसर पर बेसिक नियोनेटल रिससिटेशन प्रोग्राम ट्रेनिंग का सफल आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम ( एनएनएफ) इंडिया के राष्ट्रीय अभियान के तहत आयोजित किया गया। देशभर में आयोजित इस विशेष अभियान के अंतर्गत 998 ट्रेनिंग कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 20,000 हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स को नवजात शिशु पुनर्जीवन का प्रशिक्षण दिया गया।
भारत में नवजात शिशुओं की मृत्यु दर आज भी एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बनी हुई है। जन्म के तुरंत बाद कई शिशु सही तरीके से सांस नहीं ले पाते, जिसके कारण गंभीर स्थिति पैदा हो जाती है। ऐसे में जन्म के शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा समय पर दी गई सहायता नवजात की जान बचा सकती है।
निम्स मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डॉ. एस.एन. गुप्ता, निदेशक, डॉ. मनीषा जिंदल, डीन, डॉ. रणजीत घुलियानी, मेडिकल सुपरिटेंडेंट एवं डॉ. अमित मोदी, विभागाध्यक्ष, पीडियाट्रिक्स के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर एवं पीडियाट्रिक्स विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अविनाश झा ने बताया कि इस चार घंटे के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के लगभग 40 डॉक्टरों, नर्सों और इंटर्न्स ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नवजात शिशुओं की आपातकालीन स्थिति में तुरंत और सही उपचार देने की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रणजीत घुलियानी ने कहा, “नवजात शिशुओं की सुरक्षित देखभाल और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम मेडिकल स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अधिक सक्षम बनाते हैं।”
वहीं पीडियाट्रिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. अमित मोदी ने कहा, “जन्म के बाद शुरुआती कुछ मिनट हर नवजात के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। यह प्रशिक्षण डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को वैज्ञानिक और व्यवहारिक जानकारी प्रदान करता है, जिससे नवजात शिशुओं की जान बचाने में मदद मिलती है।”
संस्थान के अनुसार, एनएनएफ इंडिया द्वारा चलाया गया यह देशव्यापी अभियान एक दिन में सबसे अधिक नियोनेटल रिससिटेशन ट्रेनिंग आयोजित करने का रिकॉर्ड भी बना सकता है।
निम्स मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम क्षेत्र में नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




