
हर घर एमएफडी ‘ पहल की शुरुआत की
मुंबई, दिव्यराष्ट्र/ एसेटप्लस ने शनिवार को’हर घर एमएफडी नामक एक राष्ट्रव्यापी पहल की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन को एक अधिक सुलभ और सम्मानजनक व्यावसायिक अवसर के रूप में स्थापित करना तथा वर्तमान एवं भावी म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए एक निःशुल्क ज्ञान एवं शिक्षण मंच उपलब्ध कराना है।
इस पहल का शुभारंभ एचडीएफसी एएमसी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवनीत मुनोट, कोटक महिंद्रा एएमसी के प्रबंध निदेशक निलेश शाह, एडलवाइस म्यूचुअल फंड की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राधिका गुप्ता, सुंदरम म्यूचुअल फंड के पूर्व प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील सुब्रमण्यम, तथा एसेटप्लस के सह-संस्थापक विश्रांत सुरेश और अवनीश राज की उपस्थिति में किया गया।
भारत का म्यूचुअल फंड उद्योग वर्तमान में विकास के एक महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर चुका है। उद्योग की कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) 81 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है, जबकि मासिक सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) के माध्यम से लगभग 31,000 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। देशभर में निवेशकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद, तेजी से बढ़ते निवेशक आधार की तुलना में वर्तमान में केवल लगभग 1.8 लाख म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स ही सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में म्यूचुअल फंड की पहुंच भारतीय परिवारों तक बढ़ने के साथ-साथ जानकार और सक्षम डिस्ट्रीब्यूटर्स की संख्या बढ़ाना उद्योग की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गया है।




