प्रताप नगर नागरिक विकास समिति की मेजबानी में होगा आयोजन
लंबे समय बाद आयोजित होने वाले गरबा उत्सव में रंग-बिरंगे परिधानों और डांडिया की धुन पर झूमने का मिलेगा अवसर
जयपुर, दिव्यराष्ट्र/ प्रताप नगर नागरिक विकास समिति की ओर से रविवार, 18 अक्टूबर को गरबा फेस्ट का आयोजन किया जाएगा। खातीपुरा रोड स्थित शिव मंदिर गार्डन में आयोजित होने वाले इस उत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय बाद आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को एक मंच पर लाकर आपसी मेलजोल, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राखी राठौड़, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड 31 के पार्षद सीए विजय अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। आयोजन में गरबा और डांडिया की रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्सव का माहौल बनाने की तैयारी की गई है।
विकास समिति सचिव तरुण भारत वधवा ने बताया कि कार्यक्रम का समय शाम 6 बजे से रात 9:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजन से जुड़ी तैयारियों में सभी कॉलोनीवासी सहभागिता दे रहे हैं, ताकि क्षेत्र के परिवार एक साथ उत्सव का आनंद ले सकें। इस आायोजन का उद्देश्य इस सांस्कृतिक आयोजन को यादगार बनाना और प्रताप नगर क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है।