
कारीगर पहल के तहत 10 पारंपरिक शिल्प कलाओं के 3,214 कारीगरों का डिजिटल जिओटागिंग
एग्जीबिशन ‘सीन एट लास्ट’ में जयपुर के हुनरमंद कारीगरों को मिला मंच
दिव्य राष्ट्र, जयपुर, 15 नवंबर। गुलाबी नगरी की पहचान उसकी ऐतिहासिक इमारतों और पर्यटन के साथ-साथ यहां की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा से भी है, लेकिन इन कलाओं को जीवंत रखने वाले कारीगर अक्सर पहचान और उचित मंच से वंचित रह जाते हैं। इसी अंतर को दूर करने के उद्देश्य से जयपुर में पले-बढ़े तीन युवा सह-संस्थापक तिरशिव ओहलान, समरवीर सिंह शेखावत और अनिका सिंह ने इस पहल ‘कारीगर’ की शुरुआत की। उनका उद्देश्य राजस्थान की पारंपरिक कलाओं को संरक्षित करने के साथ उन कारीगरों को पहचान दिलाना है, जिनके हुनर से जयपुर की सांस्कृतिक पहचान बनी हुई है। अब इसी उद्देश्य के अंतर्गत ‘सीन एट लास्ट’ नाम से विशेष प्रदर्शनी रविवार को जयपुर में बानी पार्क स्थित कृपाल कुंभ में आयोजित की गई। जिसका विधिवत उद्घाटन डायरेक्टर, राजस्थान टूर के मधुवंती सिंह ने किया। इनके अलावा, जयपुराइट्स के साथ राजस्थान सरकार के समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष, अर्चना शर्मा; सवाई मानसिंघ II म्यूजियम ट्रस्ट की डायरेक्टर, रामा दत्त और फॉर्मर विधान सभा स्पीकर, दीपेंद्र सिंह भी शामिल हुए।
कारीगर के तहत अब तक जयपुर के 3,214 पारंपरिक कारीगरों का दस्तावेजीकरण किया जा चुका है। साथ ही 10 पारंपरिक शिल्प कलाओं ब्लॉक प्रिंटिंग, फ्रेस्को, ब्लू पॉटरी, मिनिएचर पेंटिंग, लाख, तारकशी, ठिकरी, बंधेज, और नक्काशी की तकनीक, इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को डिजिटल आर्काइव के रूप में संकलित किया गया है। जिनमे से प्रदर्शनी में चार तकनीकों को प्रदर्शित किया गया है। पहल के तहत राजस्थान का पहला जियोटैग्ड पारंपरिक कारीगर मानचित्र भी तैयार किया गया है। इस पहल को राजस्थान के पर्यटन एवं वस्त्र मंत्रालय का सहयोग और विभिन्न शिल्प संगठनों का प्रोत्साहन प्राप्त है। ‘सीन एट लास्ट’ प्रदर्शनी के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों की कला, उनकी मेहनत और विरासत को आम लोगों के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।