
निर्यातकों को बताए वैश्विक बाजार के अवसर
जयपुर, दिव्यराष्ट्र: अपैरल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (एईपीसी) ने अपनी पैन इंडिया सेमिनार श्रृंखला के तहत जयपुर स्थित नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर में “विकास के नए अवसरों की तलाश: परिधान निर्यातकों के लिए एफटीए का प्रभावी उपयोग” विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया। कार्यक्रम में सरकारी अधिकारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और परिधान निर्यातकों ने भाग लिया तथा भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से उभर रहे व्यापारिक अवसरों पर चर्चा की।
एईपीसी के महासचिव मिथिलेश्वर ठाकुर ने कहा कि भारत का बढ़ता एफटीए नेटवर्क परिधान उद्योग के लिए नए अवसर लेकर आया है। उन्होंने निर्यातकों से केवल समझौतों की जानकारी तक सीमित न रहकर उन्हें वास्तविक व्यापारिक अवसरों में बदलने का आह्वान किया। साथ ही बाजार विविधीकरण, नियमों के अनुपालन तथा गुणवत्ता मानकों के पालन पर जोर दिया।
कार्यक्रम में रमेश कुमार सिसोदिया, सहायक आयुक्त, सीमा शुल्क, जयपुर ने व्यापार सुविधा और एफटीए के उपयोग पर विभागीय दृष्टिकोण रखा। उन्होंने निर्यात प्रक्रियाओं की बेहतर समझ को निर्बाध व्यापार के लिए आवश्यक बताया।
सेमिनार के दौरान भारत टेक्स 2027 पर भी प्रस्तुति दी गई। गौतम जैन ने बताया कि यह मंच भारतीय कपड़ा एवं परिधान उद्योग को वैश्विक खरीदारों और निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
एफटीए से जुड़े तकनीकी सत्र का संचालन डॉ. संजय कुमार मंगला ने किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों के प्रमुख प्रावधानों और परिधान निर्यातकों के लिए उनके व्यावहारिक महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्घाटन रक्षित पोद्दार ने किया, जबकि विशेष संबोधन असीम कुमार सिंगला ने दिया। समापन पर रवि पोद्दार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। एईपीसी ने कहा कि वह अपनी सेमिनार श्रृंखला के माध्यम से निर्यातकों को एफटीए का अधिकतम लाभ उठाने तथा वैश्विक बाजारों में भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।




