इन्फ्रा.मार्केट के विलय से कारोबार में होगा बड़ा विस्तार
मुंबई, दिव्यराष्ट्र: देश की सबसे पुरानी पेंट कंपनियों में शामिल शालीमार पेंट्स लिमिटेड अब एक बड़े बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रही है। कंपनी का प्रस्तावित विलय इन्फ्रा.मार्केट के साथ होने के बाद यह केवल पेंट निर्माता कंपनी नहीं रहेगी, बल्कि एक एकीकृत बिल्डिंग मटेरियल कंपनी के रूप में काम करेगी। इस विलय के जरिए कंपनी निर्माण क्षेत्र से जुड़ी लगभग सभी प्रमुख सामग्रियों की आपूर्ति करने में सक्षम होगी।
प्रस्तावित विलय पूरा होने के बाद संयुक्त कारोबार का वित्त वर्ष 2025-26 में प्रोफॉर्मा राजस्व 19,839 करोड़ रुपये और एबिटा 1,709 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। यह शालीमार पेंट्स के मौजूदा कारोबार के आकार से 30 गुना से अधिक है। संयुक्त कंपनी का पोर्टफोलियो किसी सामान्य निर्माण परियोजना की 90 से 95 प्रतिशत तक सामग्री संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम होगा।
कंपनी के अनुसार, संयुक्त कारोबार के पास देश के 22 राज्यों में 250 से अधिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट होंगे। इसके अलावा 20 हजार से अधिक रिटेल टचपॉइंट और 1,500 से ज्यादा कॉर्पोरेट ग्राहक होंगे। इन प्लांट्स में 150 से अधिक कंपनी के स्वामित्व वाले हैं, जबकि शेष एक्सक्लूसिव टाई-अप के माध्यम से संचालित होंगे।
इन्फ्रा.मार्केट की स्थापना वर्ष 2016 में हुई थी। कंपनी रेडी मिक्स कंक्रीट, स्टील, एग्रीगेट्स, एएसी ब्लॉक्स, रूफिंग, वुड पैनल, टाइल्स, इलेक्ट्रिकल उत्पाद, मॉड्यूलर किचन सहित निर्माण क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न सामग्रियों का निर्माण और आपूर्ति करती है। शालीमार पेंट्स के जुड़ने से पेंट और कोटिंग्स भी इस पोर्टफोलियो का हिस्सा बनेंगे।
शालीमार पेंट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ कुलदीप रैना ने कहा कि शालीमार पिछले 124 वर्षों से भवन निर्माण के अंतिम चरण यानी पेंटिंग से जुड़ी रही है। इस विलय के बाद कंपनी निर्माण की नींव से लेकर अंतिम फिनिशिंग तक हर चरण का हिस्सा बनेगी। इससे कंपनी के ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार मिलेगा और शेयरधारकों को एक बड़ कारोबारी अवसर का लाभ मिलेगा।


