
समय पर पहचान और जांच से बेहतर हो सकते हैं उपचार के परिणाम
जयपुर, दिव्यराष्ट्र: सर्वाइकल कैंसर यानी गर्भाशय ग्रीवा (बच्चदानी के मुंह) का कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर बीमारी है। डॉ. आशा सुसावत, सीनियर ऑब्स्टेट्रिशियन एंड गायनेकोलॉजिस्ट, ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी, कोकून हॉस्पिटल, जयपुर ने बताया कि, अक्सर इसके शुरुआती लक्षण सामान्य स्त्री रोग संबंधी समस्याओं जैसे दिखाई देते हैं, जिसके कारण महिलाएं इन्हें नजरअंदाज कर देती हैं। मासिक धर्म या पीरियड्स के बीच ब्लीडिंग, शारीरिक संबंध बनाने के बाद ब्लीडिंग, मेनोपॉज के बाद ब्लीडिंग, असामान्य वेजाइनल डिस्चार्ज और पेल्विक एरिया में लगातार दर्द जैसे लक्षणों को अनदेखा न करें। कई स्थितियों में इसके शुरुआती संकेत स्पष्ट नहीं होते, इसलिए रेगुलर स्क्रीनिंग बेहद जरूरी है।
सर्वाइकल कैंसर के ज्यादातर मामले ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के लंबे समय तक बने रहने वाले संक्रमण से जुड़े होते हैं। अच्छी बात यह है कि सही समय पर स्क्रीनिंग, HPV टेस्ट और वैक्सीनेशन के जरिए इस बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। महिलाओं को अपनी उम्र और मेडिकल हिस्ट्री के अनुसार पैप स्मीयर और HPV टेस्ट जरूर करवाना चाहिए।
यह समझना जरूरी है कि हर असामान्य ब्लीडिंग या वेजाइनल डिस्चार्ज कैंसर का संकेत नहीं होता, लेकिन इन लक्षणों को नजरअंदाज करना भी सही नहीं है। शुरुआती स्टेज में बीमारी की पहचान होने पर इलाज के बेहतर विकल्प उपलब्ध होते हैं और रिकवरी की संभावनाएं भी बेहतर रहती हैं। इसलिए महिलाओं को अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहते हुए नियमित जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।



