महाराष्ट्र के कर्जत में 19 से 23 नवंबर तक होगा अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन, विद्यार्थियों द्वारा तैयार घोषणा-पत्र संयुक्त राष्ट्र को भेजा जाएगा
कर्जत, दिव्यराष्ट्र: महाराष्ट्र स्थित विजयभूमि विश्वविद्यालय 19 से 23 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन ‘स्टूडेंट्स ऑफ ग्लोबल इम्पैक्ट 2026 – द यूथ दावोस’ की मेजबानी करेगा। आईएफएसपीडी यूरोप द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में देश के 40 प्रमुख स्कूलों के 100 चयनित विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। आईएफएसपीडी यूरोप का भारत में यह पहला अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा। इसमें वैश्विक चुनौतियों, कूटनीति, सतत विकास और युवा नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन का उद्देश्य वैश्विक मुद्दों पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है। जलवायु परिवर्तन, रोजगार, तकनीक और आर्थिक असमानता जैसे विषयों पर युवाओं की राय को महत्व देने के लिए इस पहल को तैयार किया गया है। इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया की लगभग आधी आबादी 30 वर्ष से कम उम्र की है, लेकिन वैश्विक स्तर पर सांसदों में इस आयु वर्ग की हिस्सेदारी केवल 2.8 प्रतिशत है। सम्मेलन में ऊटी, शिमला, मुंबई, बेंगलुरु, मसूरी और हैदराबाद के प्रतिष्ठित स्कूलों के विद्यार्थी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान वित्त, शिक्षा, खेल, उद्यमिता और संचार क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ संवाद, परिचर्चा और समूह गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जलवायु परिवर्तन, सार्वजनिक नीति और नेतृत्व जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम के तहत ‘ग्लोस्को डिप्लोमैटिक समिट’ में विद्यार्थी सरकारों, कारोबारी संगठनों और नागरिक समाज की भूमिका निभाते हुए वैश्विक समस्याओं के समाधान पर चर्चा करेंगे। वहीं, ‘स्पार्क स्टेज’ में सामाजिक बदलाव से जुड़े 40 स्टार्टअप विचार प्रस्तुत किए जाएंगे। सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण ‘विजयभूमि डिक्लेरेशन’ होगा। ‘एवरी साइड, वन फ्यूचर’ शीर्षक से तैयार इस घोषणा-पत्र में जलवायु परिवर्तन, रोजगार और असमानता जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए साझा जिम्मेदारियों को रेखांकित किया जाएगा। सभी 100 विद्यार्थी इस पर हस्ताक्षर करेंगे और इसे संयुक्त राष्ट्र महासचिव को भेजा जाएगा। आईएफएसपीडी यूरोप के अध्यक्ष संगीथ वर्गीज ने कहा कि युवाओं को केवल भविष्य बताकर फैसलों से दूर नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी और अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। विजयभूमि विश्वविद्यालय के अध्यक्ष संजय पडोड़े ने कहा कि युवाओं द्वारा तैयार घोषणा-पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि वैश्विक मुद्दों पर उनकी प्रतिबद्धता और विचारों को सामने रखने का महत्वपूर्ण प्रयास है। सम्मेलन के बाद भी युवा नेटवर्क को सक्रिय रखने के लिए 10 विद्यार्थियों का चयन आईएफएसपीडी यूरोप के स्टूडेंट एडवाइजरी बोर्ड के लिए किया जाएगा।



