
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र: भारत के विवान कपूर गुरुवार को आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुष ट्रैप स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल करने से बेहद करीब से चूक गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इस उपलब्धि से उन्होंने हालांकि 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भारत का एक कोटा भी पक्का कर दिया।
किस तरह स्वर्ण से चूके विवान
जयपुर के 24 वर्षीय निशानेबाज विवान शानदार फॉर्म में थे और ऐसा लग रहा था कि वह पुरुष ट्रैप में विश्व खिताब जीतने वाले दूसरे भारतीय बन जाएंगे। उनसे पहले मानवजीत सिंह संधू ने 2006 में क्रोएशिया के जगरेब में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में यह उपलब्धि हासिल की थी। हालांकि शूट-ऑफ में विवान एक क्ले बर्ड पर निशाना लगाने से चूक गए और कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। निर्धारित मुकाबले में दोनों निशानेबाजों ने 30 में से 29 अंक हासिल किए थे जिसके बाद विजेता का फैसला शूट-ऑफ से हुआ।
ट्रैक स्पर्धा में पदक जीतने वाले चौथे भारतीय
इस रजत पदक के साथ विवान अत्यंत प्रतिस्पर्धी पुरुष ट्रैप स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने वाले चौथे भारतीय बन गए। उनसे पहले दिग्गज निशानेबाज कर्णी सिंह (रजत), मानवजीत सिंह संधू और जोरावर सिंह संधू यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। विवान लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए कोटा स्थान हासिल करने वाले तीसरे भारतीय निशानेबाज भी बन गए। उनसे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जयपाल मालवीय और पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक जीतने वाले नीरज कुमार भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं।




