
वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल एवं उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने लंदन में वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 के पोस्टर का किया विमोचन
दिव्य राष्ट्र, जयपुर, 02 नवंबर 2026: वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन (VPCHM) के 11वें संस्करण का पोस्टर लंदन में वेदांता समूह के चेयरमैन श्री अनिल अग्रवाल एवं राजस्थान की माननीय उपमुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी द्वारा लॉन्च किया गया। यह मैराथन 29 नवंबर 2026 को जयपुर में आयोजित होगी, जिसमें देश-विदेश के पेशेवर एथलीट, रनिंग के शौकीन और फिटनेस प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
लंदन में पोस्टर विमोचन के साथ वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने तथा जयपुर को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पिछले वर्षों में यह मैराथन रनिंग, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाले एक प्रतिष्ठित आयोजन के रूप में उभरी है।
इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण वेदांता की #RunForZeroHunger (भूखमुक्ति के लिए दौड़) पहल है, जो श्री अनिल अग्रवाल के उस संकल्प से प्रेरित है कि कोई भी बच्चा भूखा न सोए। इस अभियान के तहत दौड़े गए प्रत्येक किलोमीटर के बदले वेदांता की ओर से एक जरूरतमंद को भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। यह पहल अनिल अग्रवाल फाउंडेशन (AAF) के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों और पशुओं की सहायता करती है।
यह अभियान AAF की प्रमुख पहल नंद घर को भी सहयोग प्रदान करता है। नंद घर के अंतर्गत देश के 18 राज्यों में 16,000 से अधिक आधुनिक आंगनवाड़ियों का नेटवर्क विकसित किया गया है, जहां बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही महिलाओं को कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों से भी जोड़ा जाता है।
इस अभियान की संवेदनशीलता और सेवा भावना का विस्तार वेदांता की पशु कल्याण पहल द एनिमल केयर ऑर्गनाइजेशन (TACO) तक भी है। पशु कल्याण को इस अभियान से जोड़कर वेदांता ने सभी जीवों के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के अपने संकल्प को और मजबूत किया है।
वर्ष 2026 का यह संस्करण जयपुर को अंतरराष्ट्रीय डिस्टेंस रनिंग के मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने के प्रयासों के अनुरूप भी है। एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन्स एंड डिस्टेंस रेस (AIMS) वर्ल्ड कांग्रेस 2028 को जयपुर में आयोजित करने की पहल का उद्देश्य शहर को वैश्विक स्तर पर खेल जगत से जोड़ना तथा राजस्थान को स्पोर्ट्स टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करना है।
Anybody Can Run (ABCR) द्वारा आयोजित एवं Finova Capital के पावर्ड बाय सहयोग से आयोजित वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन के 11वें संस्करण में तीन श्रेणियां होंगी—21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन। ‘रनिंग सबके लिए है’ के अपने मूल दर्शन के अनुरूप यह आयोजन हर आयु वर्ग और फिटनेस स्तर के लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करता है। यह आयोजन स्वास्थ्य, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता की भावना का एक समावेशी उत्सव है।
वेदांता, अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के माध्यम से वेदांता स्पोर्ट्स के जरिए जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेलों में जनभागीदारी बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाओं को निखारना, खिलाड़ियों को व्यवस्थित खेल सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराना और देशभर में सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
इसके अंतर्गत राजस्थान और गोवा में आवासीय फुटबॉल अकादमियां, झारखंड और ओडिशा में तीरंदाजी कार्यक्रम, कलिंगा लांसर्स के माध्यम से हॉकी को प्रोत्साहन तथा पैडल जैसे उभरते खेलों को बढ़ावा देना शामिल है। रनिंग के क्षेत्र में वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन, जयपुर में वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन और उदयपुर में वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के साथ-साथ बेंगलुरु और मुंबई में आयोजित मैराथन को भी सहयोग दिया जा रहा है। इन सभी खेल आयोजनों के माध्यम से #RunForZeroHunger फिटनेस को एक व्यापक सामाजिक उद्देश्य से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
#RunForZeroHunger की भावना और प्रस्तावित AIMS वर्ल्ड कांग्रेस 2028 के साथ वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 का यह संस्करण फिटनेस, सामुदायिक सहभागिता और जयपुर की अंतरराष्ट्रीय खेल पहचान को और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






