
प्रताप नगर नागरिक विकास समिति के गरबा फेस्ट में उमड़ा क्षेत्रवासियों का उत्साह, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक रंगों से सजी शाम
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ प्रताप नगर नागरिक विकास समिति की ओर से खातीपुरा रोड स्थित शिव मंदिर गार्डन में आयोजित गरबा फेस्ट उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। लंबे समय बाद आयोजित हुए इस गरबा उत्सव में क्षेत्र के बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गरबा एवं डांडिया की धुन पर जमकर झूमे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राखी राठौड़ तथा विशिष्ट अतिथि वार्ड 31 के पार्षद सीए विजय अग्रवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में आपसी मेलजोल, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गरबा फेस्ट के दौरान महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया का आनंद लिया। जैसे-जैसे संगीत की धुन तेज होती गई, पूरा परिसर गरबा की थाप और डांडिया की खनक से गूंज उठा। बच्चों और युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठजनों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

विकास समिति के सचिव तरुण भारत वधवा ने आयोजन की सफलता पर सभी कॉलोनीवासियों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग और सहभागिता के कारण यह आयोजन सफल हो सका। उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के परिवारों को एक मंच पर लाना तथा आपसी प्रेम, भाईचारे और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था।
आयोजन को सफल बनाने में प्रताप नगर नागरिक विकास समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, कॉलोनीवासियों तथा सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक प्रयासों से गरबा फेस्ट यादगार बन गया।
समिति की ओर से कार्यक्रम संयोजक राज कंवर तथा सभी कॉलोनीवासियों का विशेष आभार व्यक्त किया गया।
गरबा फेस्ट के समापन के साथ ही प्रताप नगर में एक बार फिर सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक उत्सव की भावना देखने को मिली।



