
डिजिटल विस्तार पर रहेगा फोकस
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ भारत की अग्रणी रियल एस्टेट वेबसाइट मैजिकब्रिक्स ने संगठन के नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए मयंक जैन को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। कंपनी के अनुसार यह नियुक्ति 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई है।
मयंक जैन इससे पहले कारदेखो में ऑटो क्लासिफाइड्स व्यवसाय का नेतृत्व कर रहे थे। पाँच वर्ष से अधिक के कार्यकाल में उन्होंने कारोबारी विस्तार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और नए वैश्विक बाज़ारों में प्रवेश जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का नेतृत्व किया।
कंपनी के अनुसार नए सीईओ के रूप में उनकी प्राथमिकता तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना, परिचालन दक्षता में सुधार करना तथा वित्तीय प्रदर्शन को मजबूत बनाना होगी। साथ ही वह भारत के तेजी से विकसित होते रियल एस्टेट इकोसिस्टम में मैजिकब्रिक्स की स्थिति को और मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे।
गौरतलब है कि मैजिकब्रिक्स देश की प्रमुख प्रॉपर्टी वेबसाइटों में शामिल है, जिसके पास 2 करोड़ से अधिक मासिक उपयोगकर्ता और 15 लाख से अधिक सक्रिय प्रॉपर्टी लिस्टिंग हैं। कंपनी अब होम लोन, इंटीरियर सेवाओं और रियल एस्टेट सलाह जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध करा रही है।


