
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ शीर्षक को लेकर विवाद के बीच पहले ‘यादव जी की लव स्टोरी’ नाम से चर्चा में आई फिल्म अब ‘लव स्टोरी अभिमन्यु की’ के नाम से सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म की रिलीज से पहले ओम ठाकुरानी प्रोडक्शन और निर्माता संदीप तोमर ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मीडिया से बातचीत की। फिल्म 30 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्माताओं के साथ कलाकार प्रगति तिवारी, विशाल मोहन और रजत तंवर मौजूद रहे। इस दौरान फिल्म की कहानी, उसके सामाजिक संदर्भ और पूर्व शीर्षक को लेकर हुई चर्चाओं पर बात की गई। निर्माताओं ने फिल्म की विषयवस्तु और इसके पीछे की सोच से मीडिया को अवगत कराया।
फिल्म की कहानी व्यक्तिगत रिश्तों, भावनात्मक टकराव और सामाजिक परिस्थितियों के बीच उभरने वाले संघर्षों पर केंद्रित है। इसकी कथा के जरिए यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि किस तरह व्यक्तिगत फैसले और रिश्ते व्यापक सामाजिक तथा वैचारिक परिस्थितियों से प्रभावित हो सकते हैं।
फिल्म में प्रगति तिवारी, विशाल मोहन, अंकित भड़ाना, मानसी रावत, दीपक कपूर, कुलदीप सिंह रावत, साजिदा खान और सुविंदर विक्की प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में भावनात्मक प्रसंगों के साथ नाटकीय घटनाक्रम, एक्शन और प्रभावशाली दृश्य भी देखने को मिलेंगे।
अंकित भड़ाना ने फिल्म का निर्देशन किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा अयस्कांत तोमर ने लिखी है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी विष्णु नारायण और प्रगति म्यूजिक ने संभाली है। गीतों के बोल रोहित सरदाना और प्रगति म्यूजिक ने लिखे हैं।
शीर्षक में बदलाव के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी के बीच निर्माताओं ने दिल्ली में प्रचार अभियान तेज कर दिया है। अब फिल्म की सफलता और दर्शकों की प्रतिक्रिया पर निगाहें रहेंगी। ‘लव स्टोरी अभिमन्यु की’ 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



