
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ लाल किला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला में सोमवार को प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। राम जन्म की खुशी में मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने उत्सव मनाया। पूरे रामलीला परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल दिखाई दिया।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि सोमवार की लीला में पुत्रेष्टि यज्ञ, प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव, नामकरण संस्कार, विश्वामित्र के यज्ञ में राक्षसों द्वारा विघ्न, ताड़का वध और सुबाहु वध के प्रसंगों का मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम की आरती के साथ लीला का समापन हुआ।
केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम निभाएंगे निषाद राज का किरदार
अर्जुन कुमार ने बताया कि केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम ने अपने निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में घोषणा की कि वह 14 अक्टूबर को लव कुश रामलीला के मंच पर निषाद राज की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने इसे कमेटी के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया।
इससे पहले लव कुश रामलीला के मंच पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, फग्गन सिंह कुलस्ते, विजय सांपला और अश्विनी चौबे तथा एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति विभिन्न पात्रों की भूमिकाओं में अभिनय कर चुके हैं।
जुएल ओराम ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन वनवासी समाज, आदिवासी समुदाय और समस्त मानवता के प्रति समान सम्मान, सेवा तथा सामाजिक समरसता का संदेश देता है। रामलीलाएं भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की पहचान हैं। उन्होंने निषाद राज की भूमिका निभाने का अवसर देने के लिए लव कुश रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ओडिशा के एक दूरस्थ क्षेत्र से आने वाले उनके लिए रामलीला के मंच पर इस महत्वपूर्ण पात्र का अभिनय करना सौभाग्य की बात है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को रामलीला का निमंत्रण
कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि लव कुश रामलीला कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर उन्हें रामलीला देखने के लिए आमंत्रित किया।
इस अवसर पर नितिन नबीन ने कहा कि देशभर में रामलीलाओं का आयोजन सौहार्द, शांति और उत्साहपूर्ण वातावरण में होगा। प्रतिनिधिमंडल ने अर्जुन कुमार, सुभाष गोयल, अखिल सिंघल और बृजमोहन गोयल की उपस्थिति में उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया तथा रामनामी पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
13 अक्टूबर को अभिनेता राजकुमार राव करेंगे दर्शन
कमेटी के अनुसार, फिल्म अभिनेता राजकुमार राव 13 अक्टूबर 2026 को लव कुश रामलीला का अवलोकन करेंगे तथा प्रभु श्रीराम की पूजा-अर्चना करेंगे।
मंगलवार की लीला में जनक दूत आगमन, अहिल्या उद्धार, अष्ट सखी संवाद, गिरिजा पूजन, सीता स्वयंवर, रावण-बाणासुर संवाद और लक्ष्मण-परशुराम संवाद जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।



