
उम्मीद की नई राह:/ 15 साल तक सूजन से परेशान रहे मरीज को मिली राहत*
जयपुर, दिव्यराष्ट्र*। पिछले 15 वर्षों से पैर की गंभीर सूजन के साथ जीवन गुजार रहे नागौर के 61 वर्षीय व्यक्ति के लिए अब नई उम्मीद जगी है। एचसीजी कैंसर सेंटर जयपुर में की गई उन्नत वैस्कुलराइज्ड लिम्फ नोड ट्रांसफर ( वीएलएनटी ) सर्जरी के बाद उनकी स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है।
लिम्फेडेमा से पीड़ित यह मरीज लंबे समय से चलने-फिरने और सामान्य दैनिक कार्यों में कठिनाई महसूस कर रहा था। विभिन्न उपचारों के बावजूद समस्या बनी रहने पर उन्होंने विशेषज्ञों से संपर्क किया। विस्तृत चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद डॉक्टरों ने उन्नत माइक्रोसर्जिकल तकनीक के माध्यम से क्लांत सर्जरी करने का निर्णय लिया।
डॉक्टरों ने शरीर के स्वस्थ हिस्से से लिम्फ नोड टिश्यू लेकर प्रभावित पैर में प्रत्यारोपित किया। तीन घंटे चली इस जटिल प्रक्रिया में सूक्ष्म रक्त वाहिकाओं को जोड़कर लिम्फेटिक ड्रेनेज को पुनः सक्रिय करने का प्रयास किया गया।
सर्जरी के बाद मरीज की रिकवरी सामान्य रही और उन्हें तीसरे दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों के अनुसार उनके पैर की सूजन में लगभग 80 प्रतिशत तक कमी आई है और पहले महसूस होने वाला भारीपन लगभग समाप्त हो गया है।
मरीज ने भी उपचार के परिणामों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें वर्षों बाद भविष्य के प्रति नया विश्वास मिला है। वहीं अस्पताल के विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की उन्नत रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी राजस्थान के मरीजों के लिए उपचार की नई संभावनाएं लेकर आई है।
एचसीजी जयपुर का कहना है कि अस्पताल का उद्देश्य लिम्फेडेमा सहित जटिल बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को आधुनिक और समग्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।





